Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. मीडिया रिपोर्ट ने दावा किया है कि यह हादसा किसी टेक्निकल खराबी की वजह से नहीं बल्कि जानबूझकर की गई हरकत का नतीजा था. इस हादसे में विमान में सवार कुल 242 यात्रियों में 241 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति जिंदा बचा था. इसके अलावा भी 19 लोगों की मौत हो गई थी. यानी आंकड़ा कुल 260 पहुंच गया था. हालांकि, DGCA ने अभी तक इस हादसे की जांच रिपोर्ट को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. इसलिए हादसे की जांच रिपोर्ट को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी.
इटैलियन डेली अखबार Corriere della Sera ने वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच बातचीत कर दो सोर्स का हवाला देते हुए अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर रिपोर्ट तैयार करने का दावा किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे की जांच करने वाले इन्वेस्टिगेटर्स इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि अहमदाबाद विमान हादसा किसी मैकेनिकल खराबी की वजह से नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई एक्टिविटी की वजह से हुआ था. हालांकि, अभी इसकी फाइनल रिपोर्ट नहीं आई है. रिपोर्ट के मुताबिक फाइनल रिपोर्ट के ड्राफ्ट को बनाने की तैयारी की जा रही है.
फ्यूल कंट्रोल को बंद करने का दावा
- इससे पहले भी जुलाई 2025 में भारत के एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने अपने शुरुआती जांच रिपोर्ट में पायलट के फ्यूल कंट्रोल को बंद करने का जिक्र किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, आखिरी कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग में एक पायलट यह कहते सुनाई दे रहा है कि तुमने फ्यूल क्यों बंद किया, दूसरे ने जवाब दिया कि मैंने ऐसा नहीं किया.
- AAIB की रिपोर्ट के बाद अब इटली के अखबार ने भी ऐसा ही दावा किया है. रिपोर्ट में दावा किया कि पॉयलट ने इंजन फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद कर दिया था, जिसकी वजह से एयरक्राफ्ट की पावर चली गई और विमान हादसा हो गया. इस हादसे में शक की सुई विमान के कमांडर सुमित सभरवाल पर टिकी है. हालांकि, सुमित के पिता और भारतीय पायलट संघ ने इस रिपोर्ट पर आपत्ति जताई थी और गहराई से जांच करने की मांग की थी.