प्लेन हादसे के बाद भी नहीं सुधरी एयरलाइनों की स्थिति: प्लेन क्रैश के 5 दिन बाद एयर इंडिया की पहली लंदन फ्लाइट रद्द, फिर तकनीकी खामी बनी वजह; यात्री भड़के!

You are currently viewing प्लेन हादसे के बाद भी नहीं सुधरी एयरलाइनों की स्थिति: प्लेन क्रैश के 5 दिन बाद एयर इंडिया की पहली लंदन फ्लाइट रद्द, फिर तकनीकी खामी बनी वजह; यात्री भड़के!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

अहमदाबाद में हुए भीषण प्लेन हादसे के महज पांच दिन बाद एक बार फिर एयरलाइंस की लापरवाही सामने आई है। 21 जून को अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट AI-159 को उड़ान भरने से कुछ घंटे पहले ही अचानक रद्द कर दिया गया। फ्लाइट दोपहर 1:10 बजे टेकऑफ करने वाली थी, लेकिन टेक्निकल खराबी की वजह से इसे आखिरी समय पर कैंसिल कर दिया गया। फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना जब यात्रियों को एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद मिली, तो उनमें आक्रोश फैल गया। एक यात्री ने कहा, “250 लोगों को एक साथ यूं परेशान करना अमानवीय है। एयरलाइंस की तरफ से न रुकने की व्यवस्था, न खाना – कुछ नहीं।”

यह पहली बार नहीं है – पिछले तीन दिनों में देश और विदेश से जुड़ी कुल 6 फ्लाइट्स तकनीकी कारणों या सुरक्षा खतरों की वजह से प्रभावित हुई हैं, जिनमें से तीन फ्लाइट्स सिर्फ एअर इंडिया की हैं।

बता दें, 17 जून को सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-180 कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारी गई। विमान बोइंग 777-200LR में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते उड़ान में देरी हुई और यात्रियों को सुबह 5:20 बजे प्लेन से नीचे उतार दिया गया। पायलट ने घोषणा में साफ कहा कि यह निर्णय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

इसी दिन इंडिगो की एक फ्लाइट (मस्कट से दिल्ली होते हुए कोच्चि) में बम की धमकी के बाद नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। बम की सूचना मिलने के बाद विमान को तुरंत डायवर्ट किया गया। DCP लोहित मातानी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला है।

तकनीकी खराबियों की भरमार

16 जून को एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स को वापस लौटना पड़ा:

  • AI315 फ्लाइट (हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली) तकनीकी गड़बड़ी के कारण वापस हॉन्गकॉन्ग भेजी गई।

  • दिल्ली से रांची जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को उड़ान भरते ही संदिग्ध तकनीकी समस्या के चलते वापस दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा।

15 जून को भी दो बड़ी घटनाएं

  • ब्रिटिश एयरवेज का चेन्नई आ रहा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर तकनीकी खराबी के कारण रास्ते से लौट गया।

  • लुफ्थांसा एयरलाइन का बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर, जो फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रहा था, उसे बम की धमकी के चलते उड़ान से ही वापस लौटना पड़ा।

लखनऊ एयरपोर्ट पर बाल-बाल बचे 250 यात्री

रविवार को सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट SV-3112 लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। रनवे पर उतरते समय विमान के पहिए से चिनगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार 250 हज यात्रियों की जान सुरक्षित रही, लेकिन यह घटना एयरलाइंस की तकनीकी निगरानी पर फिर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply