MP Weather Update: राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है. इन दोनों सिस्टम्स की वजह से मध्य प्रदेश पर इसका असर दिखाई दे रहा है. बादल छाने के कारण तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है. जहां दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं. प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया.
पिछले 24 घंटे में मौसम कैसा रहा?
पिछले 24 घंटे की बात करें तो मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा. अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिला. भोपाल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, चंबल, रीवा और सागर संभाग के सभी जिलों में तापमान सामान्य से 1.8 से 2.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. सुबह और रात के समय ठंडक का अहसास होने लगा है, वहीं दिन में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है.
कल्याणपुर में सबसे कम तापमान दर्ज
मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा शहर शहडोल जिले का कल्याणपुर रहा, यहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया. नर्मदापुरम के पचमढ़ी में 7.4 डिग्री, कटनी के करौंदी में 8.4 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक और मंदसौर में 9.1 डिग्री और छतरपुर के खजुराहो में निम्नतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
प्रदेश के पांच बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, यहां 13 डिग्री सेल्सियस मिनिमम टेम्प्रेचर दर्ज किया गया. वहीं, जबलपुर और उज्जैन में 13.5 डिग्री, इंदौर और भोपाल में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा.