मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को पहली बार इस सीजन में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। रतलाम, धार और नर्मदापुरम जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी इन क्षेत्रों में लू का असर बना रह सकता है।
बुधवार को प्रदेश में कई जगह तापमान तेजी से बढ़ा और रतलाम में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। राजधानी भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित अन्य बड़े शहरों में भी तेज धूप और गर्मी का असर महसूस किया गया।
प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। नर्मदापुरम में पारा 39.9 डिग्री और धार में 39.4 डिग्री तक पहुंच गया। टीकमगढ़ में 38.4 डिग्री, खजुराहो में 38.2 डिग्री और गुना में 38.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
पांच प्रमुख शहरों की बात करें तो इंदौर में तापमान 38 डिग्री के करीब रहा, जबकि ग्वालियर और उज्जैन में 37.7 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 36.4 डिग्री और जबलपुर में 36.5 डिग्री तापमान रहा।
तेज गर्मी के बीच बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि तेज गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 और 15 मार्च को कई जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
14 मार्च को ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, मुरैना, श्योपुर और भिंड में मौसम बदल सकता है। वहीं 15 मार्च को ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सिंगरौली, शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, बैतूल और नर्मदापुरम सहित कई जिलों में बादल और हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।
हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में तापमान बढ़ने की एक वजह हवा की दिशा में बदलाव भी है। फिलहाल हवाएं पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हैं, जिनमें नमी कम होती है। ये हवाएं रेगिस्तानी इलाकों से होकर आती हैं और अपने साथ गर्मी भी लेकर आती हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
अप्रैल-मई में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले महीनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है। खासकर अप्रैल और मई में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ने का अनुमान जताया गया है।