जबलपुर से मिला मध्यप्रदेश को अब तक का सबसे बड़ा रोड गिफ्ट, 60 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का नितिन गडकरी ने किया ऐलान; मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया मंत्री का आभार!

You are currently viewing जबलपुर से मिला मध्यप्रदेश को अब तक का सबसे बड़ा रोड गिफ्ट, 60 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का नितिन गडकरी ने किया ऐलान; मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया मंत्री का आभार!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश की सड़कों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर से एक साथ 9 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 4,250 करोड़ रुपये से ज्यादा है। खास बात यह रही कि इस दौरान देश का सबसे लंबा दमोह नाका–रानीताल–मदनमहल–मेडिकल रोड फ्लाईओवर भी जनता को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम के मंच से केंद्रीय मंत्री गडकरी ने प्रदेश के लिए 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई सड़क परियोजनाओं की भी घोषणा की।

रानी दुर्गावती फ्लाईओवर के लिए पहली बार 1200 करोड़ का CRF फंड

गडकरी ने बताया कि जबलपुर में बने रानी दुर्गावती फ्लाईओवर के लिए देश में पहली बार 1,200 करोड़ रुपये का सेंट्रल रोड फंड (CRF) स्वीकृत हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र के संकल्प की ओर तेजी से बढ़ रहा है और सड़क अधोसंरचना इसमें बड़ी भूमिका निभा रही है। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में हाइड्रोजन “भविष्य का ईंधन” होगा और इससे गांव का किसान भी ऊर्जा उत्पादक और समृद्ध बनेगा।

ग्वालियर से दिल्ली सिर्फ साढ़े 4 घंटे में

केंद्रीय मंत्री ने मध्यप्रदेश की सड़क क्रांति की झलक प्रस्तुत करते हुए कहा कि ग्वालियर से दिल्ली की यात्रा अब केवल 4.5 घंटे में पूरी की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 लाख करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, जिनमें से 75 हजार करोड़ के काम पूरे हो गए हैं। 65 हजार करोड़ की परियोजनाएं प्रगति पर हैं और डेढ़ लाख करोड़ की योजनाएं DPR स्टेज पर हैं।

पर्यटन और टाइगर रिजर्व को जोड़ने वाली बड़ी सौगात

गडकरी ने कहा कि मध्यप्रदेश के टूरिज्म और वाइल्डलाइफ सेक्टर को बूस्ट देने के लिए टाइगर कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। इसके तहत जबलपुर से बांधवगढ़ तक बनने वाली 4 लेन सड़क का बजट 4,600 करोड़ से बढ़ाकर 5,500 करोड़ कर दिया गया है। यह सड़क कान्हा, पन्ना और पेंच टाइगर रिजर्व को भी जोड़ेगी, जिससे प्रदेश का पर्यटन और रोजगार दोनों बढ़ेंगे।

उज्जैन में नया फ्लाईओवर और सड़कें

इस मौके पर उज्जैन के लिए भी बड़ी घोषणाएं की गईं। यहां 510 करोड़ रुपये की लागत से नया फ्लाईओवर और सड़कें बनाई जाएंगी। साथ ही कालभैरव मंदिर से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए एक विशेष ब्रिज तैयार होगा। इसी तरह भोपाल–जबलपुर के बीच 15 हजार करोड़ की लागत से 255 किमी लंबा ग्रीन फील्ड हाईवे बनाने की योजना है। इसका DPR दिसंबर तक तैयार हो जाएगा और 2026 में काम शुरू होगा।

60 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की घोषणा

गडकरी ने मंच से एक के बाद एक परियोजनाओं की सौगात दी –

  • सतना–चित्रकूट और रीवा–सीधी 4 लेन सड़कें

  • उज्जैन–झालावाड़ मार्ग (2,000 करोड़)

  • इंदौर 6 लेन ईस्टर्न बायपास (3,500 करोड़)

  • खंडवा–बैतूल 4 लेन (4,000 करोड़)

  • जबलपुर–डिंडौरी 4 लेन (200 किमी, दिसंबर 2026 तक पूर्ण)

  • इंदौर–हरदा 4 लेन (3,400 करोड़)

  • ग्वालियर में वेस्टर्न बायपास (1,300 करोड़)

  • प्रदेशभर में 7 रोपवे, जिनमें उज्जैन स्टेशन से महाकाल मंदिर और जबलपुर में सिविक सेंटर से बड़ा फुहारा तक की कनेक्टिविटी शामिल है।

स्मार्ट ट्रांसपोर्ट का विजन

कार्यक्रम में गडकरी ने भविष्य की इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बस सेवाओं की झलक भी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही फ्लैश चार्जिंग तकनीक पर आधारित AC बसें चलेंगी, जिनका किराया डीजल बसों से 30% कम होगा और सुविधाएं मेट्रो जैसी होंगी।

मुख्यमंत्री ने गडकरी का जताया आभार

मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सड़कें किसी भी राज्य और देश के भाग्य को बदलने की ताकत रखती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और नितिन गडकरी के प्रबंधन कौशल के कारण मध्यप्रदेश को अब तक की सबसे बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने प्रदेश की जनता की ओर से गडकरी का आभार व्यक्त किया।

“विकसित भारत की गंगा बह रही है” – मंत्री राकेश सिंह

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि गडकरी की दूरदर्शिता से मध्यप्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की गंगा बह रही है। उन्होंने टाइगर सर्किट और टाइगर एक्सप्रेसवे के सुझाव का भी जिक्र किया और बताया कि प्रदेश लोकपथ ऐप जैसी आधुनिक तकनीक से भी आगे बढ़ रहा है।

जबलपुर बना मेगा रोड डेवलपमेंट का केंद्र

इस भव्य आयोजन में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, सांसद वी.डी. शर्मा, आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और हजारों लोग मौजूद रहे। कहा जा सकता है कि यह आयोजन केवल सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन भर नहीं था, बल्कि जबलपुर से मध्यप्रदेश के नये रोड मैप की शुरुआत थी, जो प्रदेश को सीधे दिल्ली, मुंबई और विशाखापट्टनम जैसे बड़े आर्थिक केंद्रों से जोड़ देगा।

Leave a Reply