बॉम्बे HC की FDA पर सख्त टिप्पणी: नियम-कानून जाने बिना कार्रवाई पर उठाए सवाल, 5 रेस्टोरेंट के लाइसेंस बहाल

You are currently viewing बॉम्बे HC की FDA पर सख्त टिप्पणी: नियम-कानून जाने बिना कार्रवाई पर उठाए सवाल, 5 रेस्टोरेंट के लाइसेंस बहाल

बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की कार्रवाई के तरीके पर कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों को नियम और कानून समझने के बाद ही किसी प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

मामला मुंबई के पांच रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस सस्पेंड किए जाने से जुड़ा था। शुरुआती जांच के बाद FDA ने 21 अगस्त को इन पांचों आउटलेट के लाइसेंस निलंबित कर दिए थे।

इसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने नई रिपोर्ट और रेस्टोरेंट की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए मामले पर विचार किया।

नई रिपोर्ट में सामने आया कि पांचों रेस्टोरेंट अब फूड सेफ्टी से जुड़े करीब 88 प्रतिशत मानकों का पालन कर रहे हैं। इसके बाद हाईकोर्ट ने इन्हें दोबारा खोलने की अनुमति दे दी।

कोर्ट ने कहा कि खाद्य स्वच्छता और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई भी उचित और अनुपातिक होनी चाहिए। नियमों में सुधार का मौका दिए बिना तुरंत कार्रवाई करना सही तरीका नहीं है।

हाईकोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि संबंधित अधिकारी ने पर्याप्त कानूनी विश्लेषण किए बिना आदेश जारी किया। कोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों को कार्रवाई करने से पहले संबंधित कानून और अपने ही नियमों को ठीक से समझना चाहिए।

सुनवाई के दौरान लाइसेंस को लेकर एक और मुद्दा सामने आया। FDA की ओर से कहा गया कि रेस्टोरेंट का संचालन एक अलग कंपनी कर रही थी, जबकि फूड लाइसेंस किसी अन्य संस्था के नाम पर थे।

FDA ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में संबंधित पक्ष को नया नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद सभी पक्षों का जवाब और अनुबंध से जुड़ी जानकारी लेने के बाद कारणों के साथ नया आदेश जारी किया जा सकता है।

हालांकि, कोर्ट ने कहा कि जब रेस्टोरेंट मौजूदा समय में फूड सेफ्टी नियमों के अनुरूप पाए जा रहे हैं, तो लाइसेंस का निलंबन जारी रखना उचित नहीं होगा। इसी आधार पर निलंबन आदेश वापस लिया गया और पांचों रेस्टोरेंट को फिर से खोलने की अनुमति मिल गई।

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने फूड सेफ्टी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक सुझाव भी दिया। कोर्ट ने कहा कि बड़े रेस्टोरेंट के लिए ऐसी व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है, जहां ग्राहक हाइजीन, खाने की गुणवत्ता और स्वाद को लेकर अपनी राय साझा कर सकें। इससे लोगों को भी जानकारी मिलेगी और रेस्टोरेंट को नियमों और गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।