कानपुर में घर का आंगन धंसा, 25 फीट गहरे गड्ढे में गिरी युवती की मौत; 7 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

You are currently viewing कानपुर में घर का आंगन धंसा, 25 फीट गहरे गड्ढे में गिरी युवती की मौत; 7 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन की जमीन अचानक धंसने से 18 वर्षीय युवती करीब 25 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद उसे बाहर निकालने के लिए कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसा सुबह करीब 6:40 बजे हुआ। युवती नहाकर बाथरूम से बाहर निकली थी और जैसे ही उसने आंगन की तरफ कदम बढ़ाया, अचानक जमीन धंस गई। उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह नीचे मौजूद पुरानी बोरवेल में गिर गई।

हादसे के समय घर में उसकी बड़ी बहन मौजूद थी। युवती के नीचे गिरने के बाद बहन ने उसे बाहर निकालने के लिए रस्सी डालकर कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आसपास की मिट्टी भी धंसने लगी। युवती और नीचे चली गई, जिसके बाद परिवार और पड़ोसियों को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। शुरुआती प्रयास में उसी गड्ढे के रास्ते युवती तक पहुंचने की कोशिश की गई, लेकिन लगातार मिट्टी गिरने के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई। इसके बाद सुरक्षित तरीके से दूसरे स्थान से खुदाई करने का फैसला लिया गया।

बचाव दल ने घर के बरामदे के पास से मशीनों की मदद से खुदाई शुरू की। पहले जेसीबी से गड्ढा खोदा गया, लेकिन युवती की सही लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा था। इसके बाद बड़ी मशीन की मदद से और गहराई तक खुदाई की गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य जवान मौके पर मौजूद रहे। करीब 50 से 60 जवान लगातार युवती तक पहुंचने के प्रयास में जुटे रहे। आसपास के मकान और मिट्टी की स्थिति को देखते हुए भी सावधानी बरती जा रही थी।

करीब 25 से 30 फीट तक खुदाई करने के बाद बचाव दल युवती तक पहुंच पाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2:38 बजे उसे गड्ढे से बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के समय युवती अचेत अवस्था में थी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने युवती की जांच की। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी सांसें नहीं चल रही थीं और जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

परिवार के मुताबिक, घर का निर्माण करीब तीन साल पहले हुआ था। निर्माण के दौरान आंगन में बोरवेल के लिए खुदाई कराई गई थी, लेकिन पानी नहीं मिलने के बाद उस जगह को छोड़ दिया गया और दूसरी जगह बोरिंग कराई गई। पुरानी बोरवेल के ऊपर बाद में फर्श बना दिया गया था।

लगातार बारिश के कारण जमीन कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि पुरानी बोरवेल के ऊपर बनी जमीन कमजोर पड़ने के बाद अचानक धंस गई और युवती उसमें गिर गई। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। रक्षाबंधन के मौके पर भाई को राखी बांधने की उसकी तैयारी थी, लेकिन हादसे के कारण यह खुशी मातम में बदल गई।