होटल की लिफ्ट में 14 मिनट तक फंसे शशि थरूर, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला; बाहर आकर बोले- हम बिल्कुल ठीक हैं

You are currently viewing होटल की लिफ्ट में 14 मिनट तक फंसे शशि थरूर, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला; बाहर आकर बोले- हम बिल्कुल ठीक हैं

केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार शाम एक होटल की लिफ्ट में फंस गए। यह घटना उस समय हुई जब वह रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के इंस्टॉलेशन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए होटल पहुंचे थे। लिफ्ट छठी मंजिल पर अचानक रुक गई, जिसके बाद सांसद थरूर समेत कुल 7 लोग अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती कोशिशों में होटल स्टाफ और लिफ्ट मैकेनिक लिफ्ट का दरवाजा नहीं खोल पाए। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने हाइड्रोलिक स्प्रेडर की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

फायर स्टेशन अधिकारियों के मुताबिक, शाम 7:37 बजे लिफ्ट में लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। करीब 14 मिनट की कार्रवाई के बाद शाम 7:51 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हुआ। बताया गया कि लिफ्ट अपने निर्धारित फ्लोर पर पूरी तरह नहीं पहुंच पाई थी, जिसके कारण उसका दरवाजा नहीं खुल सका।

लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद शशि थरूर मुस्कुराते हुए नजर आए। उन्होंने रेस्क्यू टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और टीम ने शानदार काम किया है।

रेस्क्यू अधिकारियों के अनुसार, सांसद थरूर के साथ लिफ्ट में मौजूद अन्य लोगों को भी किसी तरह की चोट नहीं आई। इस घटना के दौरान बचाव दल ने हाइड्रोलिक स्प्रेडर जैसे विशेष उपकरण का इस्तेमाल किया, जो फायर ब्रिगेड द्वारा बंद या जाम हुए स्थानों से लोगों को निकालने के लिए उपयोग किया जाता है।

हाइड्रोलिक स्प्रेडर क्या होता है?
हाइड्रोलिक स्प्रेडर एक आधुनिक रेस्क्यू उपकरण है, जो हाइड्रोलिक दबाव से काम करता है। इसमें मजबूत धातु के जबड़े होते हैं, जिन्हें फैलाकर बंद दरवाजों या धातु के ढांचों के बीच जगह बनाई जाती है। इसका इस्तेमाल लिफ्ट हादसों, सड़क दुर्घटनाओं, इमारतों में फंसे लोगों को निकालने और अन्य आपात स्थितियों में किया जाता है।