मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी, कई शहरों में पारा 39 डिग्री तक पहुंचा; उज्जैन-इंदौर संभाग में तापमान सामान्य से ज्यादा!

You are currently viewing मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही तेज गर्मी, कई शहरों में पारा 39 डिग्री तक पहुंचा; उज्जैन-इंदौर संभाग में तापमान सामान्य से ज्यादा!

मध्य प्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत से ही तेज गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। महीने के पहले ही सप्ताह में तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। मालवा-निमाड़ क्षेत्र, खासकर इंदौर और उज्जैन संभाग के शहरों में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है, जहां तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया

रंगपंचमी के दिन रविवार को प्रदेश के कई शहरों में तेज धूप रही। इस दौरान रतलाम में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई। इंदौर, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी दिनभर धूप तेज रही, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हुआ।

कई शहरों में पारा 35 डिग्री के पार

रविवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। उज्जैन में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री, ग्वालियर में 36.5 डिग्री, इंदौर में 35.8 डिग्री, भोपाल में 34.8 डिग्री और जबलपुर में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं रतलाम में पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया। नर्मदापुरम में 38.1 डिग्री, गुना और सागर में 37.4 डिग्री, जबकि श्योपुर में 37 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 32 डिग्री से ऊपर ही बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार इस बार मार्च में गर्मी का स्तर पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। लगभग सभी शहरों में सामान्य तापमान से 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की दिशा में बदलाव इसकी बड़ी वजह है। फिलहाल हवाएं उत्तर-पूर्व के बजाय पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही हैं। इसके साथ ही वातावरण में नमी कम है और रेगिस्तानी क्षेत्रों से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश के तापमान को बढ़ा रही हैं।

अगले कुछ दिन रह सकता है ऐसा ही मौसम

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान फिलहाल सामान्य से अधिक बना रहेगा और अगले 4 से 5 दिनों तक इसी तरह की गर्मी रहने की संभावना है।

हालांकि 9 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

IMD ने जारी की सावधानी संबंधी सलाह

गर्मी बढ़ने के बीच मौसम केंद्र भोपाल ने लोगों के लिए कुछ जरूरी सावधानियां भी जारी की हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप सबसे ज्यादा तेज रहती है, इसलिए जरूरत होने पर ही बाहर निकलें और संभव हो तो छांव में रहें।

  • दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें।

  • हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें।

  • धूप में निकलते समय सिर और मुंह को कपड़े से ढंकें।

  • बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।

मार्च में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 4 डिग्री तक और बढ़ सकता है। ऐसे में संभावना है कि मार्च के पहले पखवाड़े में ही कुछ शहरों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच जाए

अप्रैल-मई में चल सकती है लू

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च में भले ही गर्मी बढ़ी हुई है, लेकिन लू चलने की संभावना नहीं है। असली हीट वेव का असर अप्रैल और मई में देखने को मिल सकता है, जब करीब 15 से 20 दिन तक लू चलने की स्थिति बन सकती है।