पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है. वहीं, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मध्य प्रदेश में तेज सर्दी का दौर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ेगी. शुक्रवार (7 फरवरी) को दतिया, उज्जैन, सतना और छतरपुर जिले के खजुराहो में कोहरा देखने को मिला.
पिछले 24 घंटे में मौसम कैसा रहा?
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. भोपाल, ग्वालियर, चंबल, रीवा, शहडोल और सागर संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 1.7 से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया. राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई.
कटनी सबसे ठंडा शहर रहा
एमपी का सबसे ठंडा शहर कटनी जिले का करौंदी रहा. जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. शहडोल जिले के कल्याणपुर और छतरपुर जिले के खजुराहो में 6.6 डिग्री, रीवा में 7 डिग्री, राजगढ़ और उमरिया में 8 डिग्री और शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
प्रदेश के पांच बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भोपाल में 10.2 डिग्री, इंदौर में 10.9 डिग्री, जबलपुर में 11.6 डिग्री और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, खरगोन एमपी का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया.