रंगों की बौछार से सराबोर होगा इंदौर: 19 मार्च को निकलेगी नगर गेर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लाखों लोगों होंगे शामिल; प्रशासन और आयोजकों ने पूरी की तैयारियां

You are currently viewing रंगों की बौछार से सराबोर होगा इंदौर: 19 मार्च को निकलेगी नगर गेर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लाखों लोगों होंगे शामिल; प्रशासन और आयोजकों ने पूरी की तैयारियां

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

देश का सबसे स्वच्छ और जीवंत शहर इंदौर अपनी पारंपरिक रंगपंचमी गेर के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इस बार 19 मार्च, बुधवार को एक बार फिर इंदौर की सड़कों पर रंगों की बौछार, ढोल-नगाड़ों की गूंज और उमंग से भरी भीड़ का नजारा देखने को मिलेगा। इस बार की गेर को और भव्य बनाने के लिए प्रशासन और आयोजकों ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, एनआरआई प्रतिनिधि और लाखों लोग इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे। करीब 3 किलोमीटर लंबी गेर में हजारों किलो गुलाल और लाखों लीटर पानी बरसाया जाएगा, जिससे पूरा शहर एक रंगीन समंदर में बदल जाएगा।

गेर का मुख्य आकर्षण राजबाड़ा से निकलने वाली विशाल शोभायात्रा होगी, जहां शहरभर के लोग अपनी छतों से रंगों की बारिश करेंगे। प्रशासन ने भी इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कलेक्टर आशीष सिंह और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने गेर मार्ग का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर, इमरजेंसी एग्जिट रूट और मेडिकल सुविधाएं तैयार की गई हैं, ताकि गेर में शामिल होने वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। निर्धारित स्थानों पर एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था भी रहेगी।

नगर निगम इस बार आधिकारिक रूप से गेर में शामिल होगा और उसकी एक भव्य झांकी भी निकलेगी। इसके अलावा एनआरआई रथ, आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े, डीजे और पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोग इस गेर को और भी खास बनाएंगे। खास बात यह है कि इस आयोजन की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्डिंग यूनेस्को को भी भेजी जाएंगी, ताकि इसे विश्व धरोहर उत्सव के रूप में मान्यता मिल सके।

सुरक्षा के लिहाज से पूरे गेर मार्ग को सेक्टरों में बांटा गया है और 500 से अधिक सफाई मित्र गेर के तुरंत बाद सफाई अभियान में जुट जाएंगे, जिससे शहर की स्वच्छता बनी रहे। पार्किंग के लिए भी विशेष स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां लोग अपने वाहन खड़े कर इस रंगीन उत्सव का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा, पुलिस प्रशासन ने गेर मार्ग के प्रमुख स्थानों पर हाइराइज वॉच टावर और एग्जिट रूट बनाए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में भीड़ को आसानी से नियंत्रित किया जा सके।

इस बार की रंगपंचमी गेर और भी खास होगी, क्योंकि इसमें तीन भव्य गेर और एक फाग यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 370 से अधिक लोगों ने अपनी छतें बुक कर ली हैं, ताकि इस ऐतिहासिक नजारे का आनंद उठा सकें। वहीं, ऐतिहासिक धरोहर राजबाड़ा को विशेष सुरक्षा के तहत ढंका गया है, ताकि रंगों से उसे कोई नुकसान न पहुंचे।

Leave a Reply