जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। ठंड अब विदाई की ओर है और दिन में चुभन भरी धूप महसूस होने लगी है। आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। सोमवार से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और 20 फरवरी तक दिन का पारा 2 से 3 डिग्री तक उछल सकता है।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के पास सक्रिय है। इसके साथ ही हरियाणा और आसपास के इलाकों में प्रेरित चक्रवात बनने के कारण प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 17 फरवरी की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिससे 2-3 दिन बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।
फरवरी के आखिर तक जारी रहेगा तापमान का उतार-चढ़ाव!
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, फरवरी के अंत तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव बना रहेगा, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव होता रहेगा। हालांकि, ठंड अब लगभग खत्म हो चुकी है और गर्मी ने धीरे-धीरे अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी, लेकिन रात के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है।
पिछले 24 घंटे का मौसम रिपोर्ट
✅ मध्य प्रदेश का मौसम शुष्क रहा।
✅ धार, गुना, खरगोन, रतलाम, रीवा, शिवपुरी, नरसिंहपुर और उज्जैन में रात का तापमान 3 डिग्री तक बढ़ गया।
✅ भोपाल, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री तक उछल गया।
✅ कई जिलों में तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच पहुंचा –
- भोपाल: 31°C
- इंदौर: 31.3°C
- ग्वालियर: 30°C
- उज्जैन: 31.8°C
- जबलपुर: 32°C