ग्लैमर क्वीन बनी संन्यासिनी! ममता कुलकर्णी ने छोड़ा फिल्मी करियर, अपनाया सन्यास का मार्ग; अब कहलाएंगी यमाई ममतानंद गिरि

You are currently viewing ग्लैमर क्वीन बनी संन्यासिनी! ममता कुलकर्णी ने छोड़ा फिल्मी करियर, अपनाया सन्यास का मार्ग; अब कहलाएंगी यमाई ममतानंद गिरि

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

90 के दशक की बॉलीवुड की ग्लैमरस अदाकारा, स्टारडस्ट के कवर पर सनसनी मचाने वाली, और विवादों में रहने वाली ममता कुलकर्णी ने एक बार फिर से सभी को चौंका दिया है। इस बार वह अपने फिल्मी और विवादास्पद जीवन को पूरी तरह छोड़कर किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बन गई हैं।

बता दें, प्रयागराज के महाकुंभ में, संगम तट पर ममता कुलकर्णी ने सन्यास की दीक्षा ली। किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और अन्य महामंडलेश्वरों ने उनका भव्य पट्टाभिषेक किया। अब उन्हें नए नाम ‘यमाई ममतानंद गिरि’ के नाम से जाना जाएगा।

लेकिन कौन हैं ममता कुलकर्णी?

1992 में फिल्म ‘तिरंगा’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली ममता कुलकर्णी ने 90 के दशक में ‘आशिक आवारा’, ‘करण अर्जुन’, और ‘क्रांतिवीर’ जैसी हिट फिल्मों से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। लेकिन जितना उनकी फिल्मों ने सुर्खियां बटोरीं, उतना ही उनके बोल्ड अंदाज और विवादास्पद निजी जीवन ने भी। 1993 में स्टारडस्ट के कवर पर उनके टॉपलेस फोटोशूट ने उन्हें रातोंरात सेक्स सिंबल बना दिया। लेकिन बॉलीवुड की यह ग्लैमरस अदाकारा धीरे-धीरे विवादों और अंडरवर्ल्ड से जुड़ाव की खबरों के कारण इंडस्ट्री से दूर हो गई। अपने बॉयफ्रेंड विक्की गोस्वामी से शादी करने के बाद ममता ने बॉलीवुड को अलविदा कह दिया और कीनिया में बस गईं। लेकिन 2016 में ड्रग्स सिंडिकेट में नाम आने के बाद उन्होंने सुर्खियां बटोरीं। और फिर… वह गायब हो गईं।

2024 में, ममता ने अपने अतीत को हमेशा के लिए त्यागते हुए सन्यासिनी बनने का फैसला किया। प्रयागराज के महाकुंभ में, किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनने के साथ, उन्होंने धर्म और सेवा का मार्ग चुना। गुरुवार को कुंभनगरी पहुंचीं ममता कुलकर्णी ने शुक्रवार सुबह संगम तट पर किन्नर अखाड़े के शिविर में संन्यास दीक्षा ली। धर्मध्वजा के नीचे महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी की अगुवाई में उनका भव्य पट्टाभिषेक किया गया। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच वह अब श्रीयामाई ममतानंद गिरि कहलाएंगी। संगम तट पर पिंडदान के साथ ममता ने अपने पुराने जीवन को पूरी तरह त्याग दिया। दीक्षा लेने के बाद ममता कुलकर्णी ने भगवा वस्त्र धारण कर लिया है।

उन्होंने महाकुंभ के दौरान कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिसमें वह भगवा कपड़े पहने साध्वियों के साथ नजर आईं। एक और वीडियो में उन्होंने बताया कि वह मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में स्नान करने वाली हैं। अभिनेत्री ने कहा कि वह शुक्रवार को काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगी और फिर अयोध्या धाम जाने का भी प्लान है। ममता कुलकर्णी ने यह भी बताया कि इसके बाद वह अपने माता-पिता का पितृ तर्पण करेंगी।

Leave a Reply