राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर, शुद्ध और सात्विक भोजन करेंगी; थ्री लेयर में रहेगी सिक्योरिटी

You are currently viewing राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर, शुद्ध और सात्विक भोजन करेंगी; थ्री लेयर में रहेगी सिक्योरिटी

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। पहले दिन 18 सितंबर को वे इंदौर में स्थानीय कलाकारों से मिलेंगी, जिसके बाद रेसीडेंसी कोठी में रात्रि विश्राम करेंगी। 19 सितंबर की सुबह उज्जैन में महाकाल दर्शन करेंगी। यहां इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगी, जिसके बाद इंदौर लौटकर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

बता दें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन को लेकर रेसीडेंसी कोठी समेत अन्य इलाकों में सिक्योरिटी के लिए थ्री लेयर सिस्टम बनाया गया है, जैसा राष्ट्रपति भवन में होता है। साथ ही तीन किलोमीटर के एरिया को ड्रोन के लिए रेड जोन घोषित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एमपी दौरे में ऑर्गेनिक भोजन ही करेंगी, जिसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं होगा। दूध भी गाय का ही होगा। खाने में मसूर को छोड़कर सभी तरह की दालें होंगी। डिनर में टिंडा, अरबी, आलू-गोभी, पालक-पनीर और राजमा नहीं होंगे। राष्ट्रपति शुद्ध शाकाहारी भोजन लेती हैं, इसलिए अधिकारियों को निर्देश है कि जिन बर्तनों में महामहिम के लिए भोजन बनेगा, उनमें पहले नॉनवेज न बना हो। रोटी के साथ ही सैंडविच भी मल्टी ग्रेन आटे के ही होंगे। वहीं, खाने के लिए खास तौर पर कहा गया है कि मस्टर्ड ऑयल, रिफाइंड या ऑलिव ऑइल में ही खाना पकाया जाए। हल्दी वाले गाय के दूध के साथ ब्रेकफास्ट में फ्रूट्स और स्प्राउट्स दिए जाएंगे। फल खट्‌टे न हों।

राष्ट्रपति पहले दिन शाम 5 बजे बाद मृगनयनी एम्पोरियम जाएंगी। इसके लिए शोरूम को सजा दिया गया है। वे यहां प्रदेश के विभिन्न नेशनल अवॉर्ड एवं पद्मश्री सम्मानित शिल्पकारों/आर्टिजन्स से सौजन्य भेंट करेंगी। प्रदेश की पारंपरिक, कलात्मक माहेश्वरी, चंदेरी, कोसा आदि साड़ियों को देखेंगी। एम्पोरियम प्रभारी प्रबंधक राहुल जगताप ने बताया कि आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी का कार्यक्रम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 सितंबर की शाम 4:50 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। शाम 5:15 बजे एमजी रोड पर मृगनयनी एंपोरियम हस्तशिल्प कलाकारों से मुलाकात करेंगे। शाम 5:50 बजे से शाम 6:30 बजे तक वह रेसीडेंसी कोठी में कुछ लोगों से मुलाकात करेंगी। यहीं पर रात्रि विश्राम होगा।

19 सितंबर को सुबह 9:30 बजे राष्ट्रपति हैलीकॉप्टर से उज्जैन जाएंगी। वहां महाकाल मंदिर में दर्शन-पूजा करेंगी। दोपहर 11:30 बजे इंदौर आकर रेसीडेंसी कोठी में विश्राम करेंगी। फिर दोपहर 3:20 बजे देवी अहिल्या विवि (DAVV) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। शाम 4:45 बजे इंदौर से झारखंड रवाना होंगी।

Leave a Reply