राहुल गांधी घायल छात्र को लेकर थाने पहुंचे, FIR की मांग पर बाहर धरने पर बैठे

You are currently viewing राहुल गांधी घायल छात्र को लेकर थाने पहुंचे, FIR की मांग पर बाहर धरने पर बैठे

राहुल गांधी शुक्रवार को जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्र साहिल को साथ लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे। उन्होंने छात्र के साथ हुई घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और FIR की मांग की।

राहुल गांधी के साथ घायल छात्र के परिजन और वकील भी मौजूद थे। राहुल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग रखी।

राहुल गांधी का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान छात्र की आंख में गंभीर चोट लगी थी। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदारी तय करने और घटना की जांच की मांग की।

FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर राहुल गांधी काफी देर तक पुलिस अधिकारियों से बातचीत करते रहे। हालांकि, जब FIR दर्ज नहीं हुई तो वह थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।

बताया गया है कि घायल छात्र साहिल दिल्ली का रहने वाला है और दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग का छात्र है। प्रदर्शन के दौरान उसकी दाहिनी आंख में गंभीर चोट लगी थी।

घायल छात्र का अस्पताल में इलाज और आंख की सर्जरी भी हुई है। परिवार के मुताबिक, डॉक्टरों ने आंख की रोशनी को लेकर गंभीर स्थिति की जानकारी दी है।

 

राहुल गांधी ने संसद में भी प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने इस मामले में गृह मंत्री से जवाब मांगा था।

वहीं, सरकार की ओर से पुलिस द्वारा गोली चलाए जाने के आरोपों को खारिज किया गया है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने और बल प्रयोग की जरूरत का पक्ष रखा है।

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई के आरोपों की जांच के लिए एक हाई पावर्ड कमेटी गठित की है। कमेटी पूरे घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई से जुड़े आरोपों की जांच करेगी।

फिलहाल राहुल गांधी घायल छात्र के साथ FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं। मामले में पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच पर सभी की नजर बनी हुई है।