पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ में चार साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना चिखली इलाके की बताई जा रही है, जहां बच्ची घर से कुछ पत्तियां लेने के लिए बाहर निकली थी।
बताया गया है कि बच्ची जैसे ही पेड़ के पास पहुंची, वहां मौजूद कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया। बच्ची ने कुत्तों से बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन दो कुत्तों ने उस पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया।
इसके बाद अन्य कुत्ते भी बच्ची की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते करीब सात कुत्तों ने बच्ची को घेर लिया और उस पर हमला किया। इस दौरान बच्ची के हाथ और जांघों समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
बच्ची के पिता के मुताबिक, कुत्तों ने करीब 43 सेकेंड तक उस पर हमला किया। हमले में बच्ची के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसे 80 से ज्यादा टांके लगाए गए।
बच्ची की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कुत्तों को वहां से भगाया और बच्ची को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में बच्ची को कुत्तों के झुंड से बचने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद कुत्ते उसे घेरकर हमला करते नजर आते हैं।
CCTV में यह भी दिखाई देता है कि स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद कुत्ते वहां से भाग जाते हैं। इसके बाद लोगों ने घायल बच्ची को संभाला और उसे अस्पताल पहुंचाया।
बच्ची के पिता ने इलाके में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को जरूरी कदम उठाने चाहिए।
यह घटना एक बार फिर रिहायशी इलाकों में आवारा कुत्तों की समस्या और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने भी ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

