पंजाब में निहंग जसदीप सिंह से जुड़े विवाद के बीच एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ निहंग उन्हें जंजीरों से बांधकर डंडों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि यह कार्रवाई बुड्ढा दल की ओर से दी गई धार्मिक सजा के तहत की गई। इस दौरान जसदीप सिंह से बार-बार ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ का जयकारा लगाने को कहा गया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पिटाई के दौरान जसदीप सिंह दर्द में आवाज लगाते हुए नजर आ रहे हैं। दावा किया गया है कि उनके सिर, पीठ और पैरों पर डंडे मारे गए। यह वीडियो बुड्ढा दल के दोआबा जोन के जत्थेदार मान सिंह की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।
मान सिंह ने दावा किया कि जसदीप सिंह को पहले भी सजा सुनाई गई थी, लेकिन वह सजा पूरी होने से पहले वहां से चले गए थे। उन्होंने कहा कि जसदीप सिंह को अभी तक पूरी तरह माफी नहीं दी गई थी और उन्हें पंथ के आदेशों के अनुसार सेवा करने के लिए कहा गया था।
बताया गया कि हाल ही में एक पॉडकास्ट में जसदीप सिंह द्वारा दिए गए बयानों के बाद उन्हें दोबारा सजा दी गई। बुड्ढा दल से जुड़े लोगों का कहना है कि पॉडकास्ट में उनके द्वारा किए गए दावों को लेकर पंथ की ओर से आपत्ति जताई गई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
सजा के दौरान जसदीप सिंह ने अपनी गलती स्वीकार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब वह पंथ के हर आदेश का पालन करेंगे और भविष्य में किसी भी आदेश की अवहेलना नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह आगे बड़े बाबाओं के निर्देशों के अनुसार ही जीवन व्यतीत करेंगे।
बुड्ढा दल की ओर से यह भी कहा गया कि जसदीप सिंह को अगले आदेश तक निहंग बाणा पहनने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा उन्हें सेवा के रूप में बर्तन साफ करने सहित अन्य धार्मिक सेवाएं करने के लिए कहा गया है।
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब निहंग विक्की थॉमस की ओर से सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो साझा किए गए। इन पोस्ट में जसदीप सिंह से जुड़ी तस्वीरें होने का दावा किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
विक्की थॉमस की ओर से जारी वीडियो में जसदीप सिंह से बातचीत भी दिखाई गई, जिसमें उन्होंने तस्वीरों को लेकर अपनी बात रखी थी। इस मामले के बाद सिख प्रचारक बरजिंदर सिंह परवाना और विक्की थॉमस के बीच भी विवाद सामने आया और दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए।
फिलहाल जसदीप सिंह की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कुछ लोग इसे धार्मिक अनुशासन की कार्रवाई बता रहे हैं, वहीं कई लोग इस तरह की सजा के तरीके पर सवाल भी उठा रहे हैं।

