Monsoon Havoc India: देश के कई हिस्सों में मानसून ने विकराल रूप धारण कर लिया है। भारी बारिश, बादल फटने, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं ने जम्मू-कश्मीर से लेकर असम, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों तक हालात गंभीर बना दिए हैं। अब तक अलग-अलग हादसों में 43 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी में बादल फटने के बाद आई बाढ़ ने भारी नुकसान पहुंचाया है। कई इलाकों में सड़कें बंद हो गई हैं और राहत-बचाव अभियान जारी है। खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा के साथ माता वैष्णो देवी और शिवखोड़ी यात्रा को भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
उत्तराखंड में भी लगातार बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई सड़कें बंद हैं और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं नगालैंड में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से कई घरों को नुकसान पहुंचा है और कई लोगों की जान गई है।
असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। हजारों लोग प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हुए हैं और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। सेना और वायुसेना को भी मदद के लिए तैयार रखा गया है। कई गांव पानी में डूब चुके हैं और नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर, पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जानिए आपके शहर में मौसम का क्या हाल है और किन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

