नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल करीब 20 लाख उम्मीदवारों में से 11.21 लाख छात्रों ने MBBS, BDS, AYUSH और अन्य मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए क्वालिफाई किया है। उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर चेक कर सकते हैं।
NEET UG 2026 में इस बार किसी भी उम्मीदवार ने 720 में से पूरे 720 अंक हासिल नहीं किए। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। वहीं, 19 उम्मीदवारों ने 700 से ज्यादा अंक प्राप्त किए, जबकि 138 छात्रों के स्कोर 690 से ऊपर रहे।
इस साल टॉप स्कोर हासिल करने वाले ज्यादातर उम्मीदवार पहली बार परीक्षा में शामिल हुए थे। टॉप रैंकर्स में 93 प्रतिशत से ज्यादा छात्र फ्रेश कैंडिडेट रहे। वहीं, 99 प्रतिशत टॉप रैंकर्स की उम्र 17 से 19 साल के बीच रही। क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों में छात्राओं की संख्या 58 प्रतिशत से अधिक रही।
NEET UG 2026 में क्वालिफाइंग कटऑफ में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। जनरल और EWS कैटेगरी के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग स्कोर 2025 के मुकाबले बढ़कर 213 अंक हो गया, जबकि OBC, SC और ST वर्ग के लिए कटऑफ 177 अंक तक पहुंच गया। सामान्य वर्ग के क्वालिफाइड उम्मीदवारों की हिस्सेदारी पिछले साल की तुलना में लगभग 3 प्रतिशत कम रही।
इस साल परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या पिछले दो वर्षों की तुलना में कम रही। 2024 में 23.33 लाख और 2025 में 22.09 लाख छात्रों ने NEET UG दिया था, जबकि 2026 में करीब 20 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए।
NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के कारण दो चरणों में आयोजित हुई। 3 मई को हुई पहली परीक्षा को रद्द करने के बाद NTA ने 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई। यह परीक्षा देश और विदेश के 551 शहरों में 5,440 केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की गई।
NTA ने इस बार रिजल्ट प्रक्रिया में भी बदलाव किया। मूल्यांकन के कई चरणों को समानांतर तरीके से पूरा किया गया, जिससे रिजल्ट समय पर जारी हो सका। इसके अलावा OMR शीट चैलेंज प्रक्रिया को आंसर-की आपत्ति प्रक्रिया से अलग रखा गया।

