रांची में RSS के ऑफ‍िस पर पेट्रोल बम से हमला, बीजेपी नेताओं बोले-यह किसी बड़े षड्यंत्र की आहट

You are currently viewing रांची में RSS के ऑफ‍िस पर पेट्रोल बम से हमला, बीजेपी नेताओं बोले-यह किसी बड़े षड्यंत्र की आहट

झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय को निशाना बनाने की कथित कोशिश से राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में हलचल मच गई है. देर रात कार्यालय परिसर के बाहर कुछ संदिग्ध बोतलें मिलने के बाद पेट्रोल बम से हमले की आशंका जताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं.

संघ के कार्यालय पर हुए इस हमले का एक सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें एक युवक मुंह बांधकर पेट्रोल बम फेकते नजर आ रहा है. फ‍िलहाल घटना की जानकारी लगते ही पुल‍िस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

जांच में क्‍या-क्‍या पता चला?

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बोतलें कार्यालय की बाउंड्री वॉल के पास फेंकी गई थीं. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान की जा सके.

घटना पर बीजेपी नेताओं ने जाह‍िर किया गुस्‍सा

विपक्ष के नेता और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि यह सिर्फ एक छोटी शरारत नहीं बल्कि किसी बड़े हमले की तैयारी का संकेत हो सकता है. उन्होंने राज्य सरकार से दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.

घटना के बाद कई भाजपा नेता और संगठन से जुड़े पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे. सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि यह हमला वास्तव में पेट्रोल बम से किया गया था या फिर माहौल बिगाड़ने की कोई अन्य कोशिश थी. फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है.