दिग्विजय सिंह 26 मार्च को जाएंगे अयोध्या: राम मंदिर बनने के बाद पहली बार करेंगे दर्शन; कहा था- मंदिर पूरा होगा तभी जाऊंगा

You are currently viewing दिग्विजय सिंह 26 मार्च को जाएंगे अयोध्या: राम मंदिर बनने के बाद पहली बार करेंगे दर्शन; कहा था- मंदिर पूरा होगा तभी जाऊंगा

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह 26 मार्च को अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे। राम मंदिर के निर्माण के बाद यह उनका पहला दौरा होगा, जिसे उनके पुराने संकल्प से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने मंदिर निर्माण के दौरान ही कहा था कि वे तभी अयोध्या जाएंगे, जब प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर पूर्ण रूप से आकार ले लेगा। अब जब मंदिर का मुख्य ढांचा तैयार हो चुका है और अंतिम प्रक्रियाएं जारी हैं, ऐसे में दिग्विजय सिंह अपने इस वचन को पूरा करने जा रहे हैं।

दिग्विजय सिंह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि वे आस्था में विश्वास रखते हैं, लेकिन उसे राजनीति से अलग मानते हैं। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 11 हजार 111 रुपए की राशि भी समर्पित की थी। उनके इस दौरे को धार्मिक आस्था और व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।

इधर, अयोध्या में राम मंदिर से जुड़ी गतिविधियां भी लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। हाल ही में 19 मार्च 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अयोध्या पहुंचकर मंदिर परिसर में 150 किलो वजनी स्वर्ण जड़ित ‘श्री राम यंत्र’ की स्थापना की। नवरात्रि के अवसर पर हुए इस कार्यक्रम को मंदिर के आध्यात्मिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा के अनुसार, मुख्य मंदिर का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है और अप्रैल के अंत तक सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।

दिग्विजय सिंह के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे 26 मार्च की सुबह दिल्ली से विमान द्वारा रवाना होकर करीब साढ़े नौ बजे अयोध्या पहुंचेंगे। यहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद वे दोपहर में सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे, जहां शाम तक उनके कुछ निर्धारित कार्यक्रम हैं। इसके बाद वे रात में दिल्ली लौटेंगे।