शाजापुर जिले के शुजालपुर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान, निकाह सामूहिक सर्वधर्म विवाह सम्मेलन में सैकड़ों परिवारों की खुशियां एक साथ जुड़ीं। कार्यक्रम में 162 जोड़ों का वैदिक रीति से विवाह कराया गया, जबकि 38 जोड़ों का मुस्लिम परंपरा के अनुसार निकाह संपन्न हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
मंत्री इंदर सिंह परमार ने दिए उपहार
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने नवदंपतियों को मंच से आशीर्वाद दिया और मुस्लिम तथा हिंदू जोड़ों को उपहार भेंट किए। समारोह के दौरान जनपद पंचायत शुजालपुर की अध्यक्ष सीता देवी रामचंद्र पाटोदिया के पुत्र के विवाह का भी मंच से उल्लेख करते हुए बधाई दी गई।
मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसौदिया, भाजपा प्रदेश मंत्री बबीता परमार, भाजपा जिला महामंत्री विजय बेस और कलेक्टर रिजु बाफना सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने बताई अनुपस्थिति की वजह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन के दौरान कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी और सांसद महेंद्र सोलंकी के कार्यक्रम में शामिल न हो पाने का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दोनों जनप्रतिनिधि विधानसभा सत्र के कारण सदन की कार्यवाही में व्यस्त हैं।
सरकार की योजनाओं पर मंत्री का जोर
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार समाज में समानता और समरसता को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह सम्मेलन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित हो रहे हैं।
बारात के साथ दिखा उत्सव जैसा माहौल
सम्मेलन से पहले दूल्हों की सामूहिक बारात पुलिस चौकी चौराहे से आयोजन स्थल कृषि उपज मंडी प्रांगण-3 तक निकाली गई। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे इस रास्ते में बारात के साथ उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। मंत्री इंदर सिंह परमार, भाजपा नेता और कई अधिकारी साफा बांधकर बारात में शामिल हुए और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते हुए नजर आए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। एसडीएम राजकुमार हलदर, एसडीओपी निमिष देशमुख, थाना प्रभारी एस.के. यादव और प्रवीण पाठक अपनी टीम के साथ पूरे समय तैनात रहे।