मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी तपिश, कई जिलों में 37 डिग्री के पार पहुंचा पारा; अप्रैल-मई में सबसे ज्यादा पड़ेगी गर्मी

You are currently viewing मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी तपिश, कई जिलों में 37 डिग्री के पार पहुंचा पारा; अप्रैल-मई में सबसे ज्यादा पड़ेगी गर्मी

मध्य प्रदेश में मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। होली के दिन बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक चल रहा है।

प्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभाग में गर्मी का प्रभाव सबसे ज्यादा महसूस किया गया, जबकि भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। वहीं रात का तापमान भी बढ़कर करीब 19 डिग्री तक पहुंच गया है।

अगले चार दिन और बढ़ सकती है गर्मी

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम का यही रुख अगले चार दिनों तक बना रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की और बढ़ोतरी संभव है।

उन्होंने बताया कि 6 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना भी बन सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में जारी बढ़ोतरी के चलते मार्च के पहले पखवाड़े में ही कई शहरों में पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी

दिन के साथ-साथ रातों में भी गर्मी बढ़ने लगी है। मंगलवार-बुधवार की रात बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, रतलाम, श्योपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।

सबसे ज्यादा रात का तापमान धार में 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मार्च में लू का खतरा नहीं

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च में फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है। हालांकि तापमान बढ़ा हुआ रहेगा। लू का असर अप्रैल और मई में देखने को मिल सकता है, जब करीब 15 से 20 दिन तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है।

मार्च में दिखता है तीन तरह का मौसम

पिछले 10 सालों के मौसम के आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में मार्च के दौरान दिन में गर्मी, रात में हल्की ठंड और बीच-बीच में बारिश का असर देखने को मिलता है। इस साल भी ऐसा ही ट्रेंड रहने की संभावना जताई जा रही है।

अनुमान है कि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान 10 से 17 डिग्री के बीच रह सकता है।

अप्रैल-मई में सबसे ज्यादा पड़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार इस साल अप्रैल और मई के महीने सबसे ज्यादा गर्म रह सकते हैं। इन महीनों में ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी पड़ने के संकेत दिए गए हैं।