दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को शराब घोटाला मामले में एक अहम निर्णय सुनाया। CBI द्वारा दायर केस में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित कुल 23 लोगों के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर अदालत ने आरोप तय करने से इनकार कर दिया। कोर्ट का कहना था कि प्रस्तुत सामग्री के आधार पर आरोप साबित नहीं होते। इसके साथ ही सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया।
यह फैसला उस मामले में आया है जिसे लेकर पिछले कुछ वर्षों से राजनीतिक और कानूनी बहस जारी थी।
कोर्ट के बाहर भावुक हुए केजरीवाल
फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत की। बोलते हुए वे भावुक हो गए। उन्होंने कहा:
“पिछले कुछ सालों से जिस तरह से बीजेपी शराब घोटाला, शराब घोटाला कर रही थी। हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी। आज कोर्ट ने सारे आरोप खारिज कर दिए और हम सबको डिसचार्ज कर दिया। हम हमेशा कहते थे कि हमें भारतीय न्याय प्रणाली पर भरोसा है। मैं जज साहब का बहुत-बहुत शुक्रिया करता हूं, जिन्होंने हमारे साथ न्याय किया। सत्य की जीत हुई। भगवान हमारे साथ है।”
उन्होंने आगे कहा:
“मोदी जी और अमित शाह जी ने मिलकर आजाद भारत का यह सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा। आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े पांच नेताओं को जेल में डाल दिया। आज तक आजाद भारत के इतिहास में ऐसा नहीं हुआ। सिटिंग चीफ मिनिस्टर को घर से घसीटकर जेल में डाला गया और छह महीने तक जेल में रखा गया। हमारे उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी को दो साल तक जेल में रखा गया। हमारे ऊपर कीचड़ फेंका गया। 24 घंटे टीवी चैनलों पर डिबेट चलती थी, खबरें दिखाई जाती थीं कि…”
इतना कहते ही वे रो पड़े। पास खड़े मनीष सिसोदिया ने उन्हें संभाला। इसके बाद उन्होंने दोबारा बोलना शुरू किया।
“मैंने जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। इन्होंने झूठा केस लगाया। आज ये साबित हो गया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है, आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है। मैं प्रधानमंत्री जी से कहना चाहता हूं कि सत्ता के लिए इस तरह से खिलवाड़ मत कीजिए देश के साथ। इस तरह से संविधान के साथ खिलवाड़ मत कीजिए। आपको सत्ता चाहिए, अच्छे काम कीजिए। आज देश के सामने कितनी बड़ी समस्याएं हैं। महंगाई है, बेरोजगारी है, पूरे देश में सड़कें टूटी पड़ी हैं, चारों तरफ पॉल्यूशन ही पॉल्यूशन है, चारों तरफ देश में इतनी समस्याएं हैं उनका समाधान करके सत्ता में आइए न। केजरीवाल पर आम आदमी पर्टी पर झूठे केस क्यों करते हैं। अच्छा काम करके सत्ता में आइए। इस तरह के झूठे केस करना और चौबीस घंटे विपक्षियों पर ऊटपटांग झूठे केस करना उन्हें जेल में डालना ये प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता। इससे देश आगे नहीं बढ़ता। देश तब आगे बढ़ेगा, जब जनता की समस्यों का समाधान किया जाएगा।”
शराब घोटाला केस में CBI द्वारा कुल 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी। शुक्रवार को अदालत ने सभी के खिलाफ आरोप तय करने से इनकार करते हुए उन्हें बरी कर दिया।
राउज एवेन्यू कोर्ट के इस फैसले के बाद राजनीतिक और कानूनी हलकों में इसकी व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।