अरावली की वादियों में विजय देवरकोंडा–रश्मिका मंदाना का विवाह: तेलुगु परंपरा से संपन्न हुआ विवाह, शाम को कोडावा रीति से होंगी रस्में

You are currently viewing अरावली की वादियों में विजय देवरकोंडा–रश्मिका मंदाना का विवाह: तेलुगु परंपरा से संपन्न हुआ विवाह, शाम को कोडावा रीति से होंगी रस्में

उदयपुर की वादियों ने गुरुवार को दक्षिण भारतीय सिनेमा के दो चर्चित चेहरों के विवाह का साक्ष्य दर्ज किया। अरावली की पहाड़ियों से घिरे एक होटल में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने तेलुगु परंपरा के अनुसार विवाह संस्कार पूरे किए। तय कार्यक्रम के अनुसार शाम को कोडावा रीति-रिवाजों से शेष वैवाहिक परंपराएं निभाई जाएंगी।

विवाह के बाद विजय देवरकोंडा के परिवार की ओर से होटल के बाहर मिठाई वितरित की गई। विवाह समारोह के अंतर्गत आज शाम डीजे नाइट आयोजित की जाएगी। इसके लिए डीजे गणेश (गणेश रंगनाथन) उदयपुर पहुंच चुके हैं। गणेश इससे पहले ईशा अंबानी और शाहरुख खान सहित कई हाई-प्रोफाइल परिवारों की पार्टियों में प्रस्तुति दे चुके हैं।

विवाह से एक दिन पहले बुधवार को हल्दी और मेहंदी की रस्में संपन्न हुईं। हल्दी समारोह की तस्वीरें विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की थीं।

विवाह से पहले पारंपरिक आदान-प्रदान की रस्म निभाई गई। रश्मिका मंदाना के माता-पिता ने दूल्हे के परिवार को नारियल, पान के पत्ते, फल, मिठाई और हल्दी-कुमकुम भेंट किए। इसके बाद विजय की मां माधवी देवरकोंडा ने रश्मिका को खानदानी चूड़ियां पहनाकर परिवार में स्वागत का संकेत दिया। रश्मिका कर्नाटक के कोडवा समुदाय से हैं, जबकि विजय देवरकोंडा तेलुगु हिंदू परिवार से संबंध रखते हैं। इसी कारण विवाह में दोनों परंपराओं को स्थान दिया गया है।

शादी के लिए चुने गए होटल को गुलाब, आर्किड और ट्यूलिप सहित विभिन्न फूलों से सजाया गया। मंडप की सजावट में कच्चे केले और बड़े पत्तों का उपयोग किया गया, जिससे समारोह में पारंपरिक सौंदर्य उभरा।

सीमित मेहमानों की मौजूदगी, नो-फोन पॉलिसी लागू

इस निजी समारोह में केवल दोनों कलाकारों के करीबी मित्र शामिल हुए। आमंत्रित मेहमानों में तेलुगु अभिनेता-निर्देशक राहुल रविंद्रन, फिल्म निर्माता-निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा, अभिनेत्री आशिका रंगनाथ, निर्देशक तरुण भास्कर, अभिनेत्री ईशा रेब्बा और स्टाइलिस्ट श्रव्या वर्मा शामिल रहे। ये सभी हल्दी और मेहंदी समारोह में भी उपस्थित थे।

समारोह के दौरान नो-फोन पॉलिसी का पालन किया जा रहा है।

23 फरवरी से उदयपुर में मौजूद थे दूल्हा-दुल्हन

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना 23 फरवरी को उदयपुर स्थित अपने वेडिंग डेस्टिनेशन पर पहुंचे थे। 23 और 24 फरवरी को प्री-वेडिंग पार्टी आयोजित की गई थी।