Indore News: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2025 की तैयारियां पूरी कर ली गई है. आने वाली 1 मार्च को इंदौर के 100 परीक्षा केंद्रों पर ये परीक्षा संपन्न कराई जाएगी. इन केंद्रों में शासकीय और अशासकीय स्कूलों व कॉलेजों को शामिल किया गया है. इन सभी केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन ऑफलाइन माध्यम से किया जाएगा. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस परीक्षा में कुल 38 हजार 144 परीक्षार्थी शामिल होने जा रहे हैं.
दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच होगी परीक्षा
इस परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसके सुचारू संचालन के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को परीक्षा समन्वयक अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस परीक्षा की सफलता के लिए संभागायुक्त कार्यलय में एक बैठक का आयोजन किया गया. उपायुक्त राजस्व एवं प्रभारी परीक्षा अधिकारी सपना एम. लोवंशी ने इस दौरान परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी. बैठक में उन्होंने बताया कि राज्य पात्रता परीक्षा में बहुवैकल्पिक प्रश्न पूछे जाएंगे. सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पूर्व प्रवेश दिया जाएगा.
15 मिनट पहले मिलेगी ओएमआरशीट
ओएमआरशीट का वितरण परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पूर्व किया जाएगा. सभी पर्यवेक्षकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक परीक्षार्थी को उसके लिए निर्धारित सेट ही प्राप्त हो.