लखनऊ इकाना स्टेडियम में दिखा रिंकू-प्रिया का रोमांस: विराट स्टाइल में रिंकू ने प्रिया को दिया फ्लाइंग किस, फैंस बोले- वाह; 8 जून को दोनों की सगाई!

You are currently viewing लखनऊ इकाना स्टेडियम में दिखा रिंकू-प्रिया का रोमांस: विराट स्टाइल में  रिंकू ने प्रिया को दिया फ्लाइंग किस, फैंस बोले- वाह; 8 जून को दोनों की सगाई!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सोमवार को खेले गए यूपी-टी 20 लीग के मैच ने क्रिकेट फैंस के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों का भी ध्यान खींचा। वजह थी – भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और उनकी मंगेतर व सपा सांसद प्रिया सरोज की खास केमिस्ट्री। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने इस रोमांटिक पल को नजदीक से देखा और सोशल मीडिया पर भी यह चर्चा का विषय बन गया।

ड्रेसिंग रूम से फ्लाइंग किस, विराट कोहली स्टाइल में प्यार का इजहार

मैच के दौरान रिंकू सिंह की नज़रें बार-बार स्टेडियम के वीवीआईपी लाउंज की ओर जाती रहीं, जहां उनकी मंगेतर प्रिया सरोज बैठी थीं। ठीक उसी अंदाज में जैसे विराट कोहली मैच के बीच पत्नी अनुष्का शर्मा को फ्लाइंग किस देते नजर आते हैं, रिंकू ने भी प्रिया के लिए फ्लाइंग किस किया और मुस्कुराते हुए प्यार जताया। फैंस ने जब दोनों को देखकर “राम-राम” कहा, तो रिंकू ने भी उसी अंदाज में फैंस का अभिवादन किया। इससे पूरा माहौल खुशनुमा और यादगार बन गया।

कैमरे पर प्रिया सरोज की मस्ती, दिल बनाकर किया स्वागत

स्टेडियम के अंदर मौजूद चुलबुल रोबोट कैमरा और डॉग कैमरा ने भी सांसद प्रिया सरोज का खास अंदाज कैद किया। कैमरे ने उनके लिए दिल बनाया और नमस्ते किया, तो प्रिया ने भी हाथ हिलाकर और मुस्कुराकर जवाब दिया। इस दौरान उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

बारिश से प्रभावित मैच, हार गई रिंकू की टीम

मैदान पर रिंकू सिंह की टीम मेरठ मावेरिक्स और कानपुर सुपरस्टार्स आमने-सामने थीं। बारिश से बाधित मुकाबले का नतीजा डकवर्थ-लुइस नियम से निकला, जिसमें रिंकू की टीम को हार का सामना करना पड़ा और कानपुर ने टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज की। हालांकि मैच का रोमांटिक पहलू फैंस के लिए यादगार बन गया।

पहले ग्रेटर नोएडा में भी दिया था सपोर्ट

यह पहला मौका नहीं है जब प्रिया सरोज स्टेडियम में रिंकू को चीयर करती नजर आई हों। ग्रेटर नोएडा में मेरठ मावेरिक्स की प्रैक्टिस के दौरान भी प्रिया पहुंची थीं और टीम का हौसला बढ़ाया था। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा था – “इस बार भी जीतना है।” इसके बाद हाथ जोड़कर सबको नमस्ते किया और पवेलियन में लौट गईं।

सगाई से शुरू हुई चर्चा, अब रिश्ते की गहराई

8 जून को क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज ने लखनऊ के एक फाइव स्टार होटल में सगाई की थी। इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, राज्यसभा सांसद जया बच्चन, शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव और BCCI अध्यक्ष राजीव शुक्ला सहित कई दिग्गज मौजूद थे। तभी से दोनों की जोड़ी राजनीति और क्रिकेट की चर्चाओं में बनी हुई है।

दोनों की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं। IPL 2023 में लगातार पांच छक्के लगाकर रिंकू सुर्खियों में आए। इसके बाद उनकी पहचान और बढ़ी।
करीब दो साल पहले दिल्ली में एक सीनियर क्रिकेटर की शादी में रिंकू और प्रिया की पहली मुलाकात हुई। क्रिकेटर की पत्नी, जो प्रिया की कॉलेज फ्रेंड थीं, ने दोनों का परिचय कराया। यहीं से बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे रिश्ता आगे बढ़ा।

प्रिया सरोज ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA LLB किया है और राजनीति में सक्रिय रहते हुए कम उम्र में ही सपा से सांसद बनीं। वहीं, रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट में तेजी से उभरते हुए सितारे हैं, जिन्होंने IPL और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई है।

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की जोड़ी अब क्रिकेट और राजनीति का हॉट कपल मानी जा रही है। जहां रिंकू मैदान पर अपने दमदार खेल से फैंस का दिल जीत रहे हैं, वहीं प्रिया अपनी सादगी और राजनीतिक समझदारी से लोगों का ध्यान खींच रही हैं। दोनों की एक साथ मौजूदगी फैंस के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहती है।

Leave a Reply