राजगढ़ में कांग्रेस नेता के विवादित बयान पर महिलाओं का गुस्सा फूटा, बोरे लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं लाडली बहनें; कहा – “अगर हिम्मत है तो भरो हमें बोरे में”!

You are currently viewing राजगढ़ में कांग्रेस नेता के विवादित बयान पर महिलाओं का गुस्सा फूटा, बोरे लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं लाडली बहनें; कहा – “अगर हिम्मत है तो भरो हमें बोरे में”!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

राजगढ़ में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब बड़ी संख्या में महिलाएं बोरे लेकर मंगल भवन से कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचीं। यहां उन्होंने कांग्रेस नेता जयवंत गुर्जर के विवादित बयान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। महिलाओं का कहना था कि यह बयान न केवल प्रदेश सरकार की लाडली बहना योजना का मजाक उड़ाता है, बल्कि सीधे तौर पर करोड़ों महिलाओं का अपमान भी है।

“अगर हिम्मत है तो भरो हमें बोरे में” – महिलाओं का जवाब

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने हाथों में बोरे उठाकर कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि कांग्रेस नेता मंच से कह रहे हैं कि लाडली बहनों को बोरे में भर देंगे, तो आज हम चुनौती देने आए हैं—“अगर हिम्मत है तो हमें भरो बोरे में।”

बयान से भड़की सियासत

गौरतलब है कि बुधवार को राजगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के स्वागत के दौरान जिला पंचायत सदस्य जयवंत गुर्जर ने मंच से कहा था—“कहां की लाडली बहने, सबको बोरियों में भर देंगे।” यह वीडियो गुरुवार को वायरल होते ही सियासी हलकों में तूफान मच गया। अब महिलाओं के विरोध प्रदर्शन के बाद विवाद और भी गहराता दिख रहा है।

महिलाओं का आरोप – “कांग्रेस ने किया मातृशक्ति का अपमान”

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को लाडली बहना योजना के जरिए आर्थिक और सामाजिक सम्मान देने का काम किया है। वहीं कांग्रेस नेता उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान दे रहे हैं। महिला मोर्चा जिला महामंत्री नीलम सक्सेना ने कहा—“हमारी लाडली बहनों ने पिछले चुनाव में कांग्रेस को उसकी औकात दिखा दी थी और आने वाले चुनाव में भी जनता कांग्रेस को जवाब देगी। जो कहते हैं कि हमें बोरे में भर देंगे, उन्हें तो हमने चुनाव में पहले ही बंद करके मोहनपुरा डैम में डुबो दिया था।”

“पूरे प्रदेश की लाडली बहनें भाजपा के साथ”

नीलम सक्सेना ने आगे कहा कि आज न सिर्फ राजगढ़ बल्कि पूरे प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख लाडली बहनें भाजपा के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि यदि वे संगठन संभालने आए हैं, तो पहले अपने कार्यकर्ताओं की भाषा सुधारें।

“कांग्रेस को महिलाओं से माफी मांगनी होगी”

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अनीता दुबे ने कहा कि परसों कांग्रेस के मंच से लाडली बहनों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला बयान दिया गया था। इसके विरोध में आज भाजपा महिला मोर्चा और लाडली बहनें कांग्रेस कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कांग्रेस सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती, आंदोलन जारी रहेगा।

महिलाओं का कहना था कि भारत में जहां मातृशक्ति की पूजा की जाती है, वहीं कांग्रेस पार्टी बहनों को बोरे में भरने की बात करती है। यह मानसिकता न केवल निंदनीय है, बल्कि महिला समाज का अपमान भी है। महिलाओं ने साफ संदेश दिया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में वे कांग्रेस को करारा जवाब देंगी।

पुलिस बल तैनात, कांग्रेस ने साधी चुप्पी

प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस विवाद पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

Leave a Reply