अहमदाबाद प्लेन क्रैश : 265 शव बरामद, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मृतकों में शामिल; PM मोदी ने कहा – तबाही का मंजर बेहद दुखद!

You are currently viewing अहमदाबाद प्लेन क्रैश : 265 शव बरामद, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मृतकों में शामिल; PM मोदी ने कहा – तबाही का मंजर बेहद दुखद!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भर रही थी, टेक-ऑफ के महज दो मिनट बाद ही क्रैश हो गई। हादसे में अब तक 265 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर्स थे, जबकि 5 शव उस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के हैं, जहां यह विमान जा गिरा।

बताया जा रहा है कि प्लेन क्रैश के समय हॉस्टल में 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। इस हादसे में चार MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी की भी मौत की पुष्टि हुई है।

हादसे के बाद गुजरात ATS ने विमान के मलबे से फ्लाइट का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) बरामद कर लिया है। ATS अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही फोरेंसिक टीम जांच के लिए पहुंचेगी। साथ ही NSG की विशेष टीम भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। अहमदाबाद पुलिस ने स्निफर डॉग्स की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी रखा है, ताकि मलबे में दबे संभावित जीवित व्यक्तियों को ढूंढा जा सके।

फ्लाइट AI-171 में कुल 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। मृतकों में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शिशु थे।

इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई है। उनके निधन की पुष्टि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद सिविल अस्पताल जाकर घायलों और पीड़ितों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने हादसे को “अकल्पनीय और दिल तोड़ देने वाला” करार दिया और पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिवार से भी गांधीनगर में जाकर मुलाकात की।

पीएम मोदी ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा:
“यह कल्पना भी नहीं की जा सकती कि विजयभाई अब हमारे बीच नहीं हैं। दशकों से उन्हें जानता था, साथ में काम किया था। वे विनम्र, निष्ठावान और विचारधारा के प्रति समर्पित नेता थे। उनका यूं जाना व्यक्तिगत क्षति है।”

विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार राजकोट में किया जाएगा। डीएनए टेस्ट के जरिए शव की पहचान के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा।

एविएशन एक्सपर्ट देवेश अग्रवाल ने हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह प्लेन, 787 ड्रीमलाइनर, दुनिया के सबसे आधुनिक विमानों में गिना जाता है। इसके इंजन बेहद भरोसेमंद माने जाते हैं और इस प्रकार की त्रासदी में एक नहीं, कई कारण हो सकते हैं। उन्होंने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इस बीच, एअर इंडिया ने राहत कार्य तेज करते हुए अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर हेल्प सेंटर स्थापित किए हैं, जहां मृतकों और लापता लोगों के परिजनों को हर संभव सहायता दी जा रही है। भारत के लिए टोल फ्री नंबर 1800 5691 444 और अंतरराष्ट्रीय कॉल के लिए 8062779200 पर संपर्क किया जा सकता है।

आज के चार बड़े अपडेट्स:

  1. डीएनए टेस्ट के जरिए शवों की पहचान की जा रही है।

  2. NSG और फोरेंसिक टीम हादसे की गहराई से जांच में जुटी है।

  3. क्रैश साइट पर अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है। आज सुबह कुछ और अंग मिले हैं।

  4. एअर इंडिया ने परिजनों की मदद के लिए हेल्पलाइन और काउंसलिंग टीम लगाई है।

Leave a Reply