जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मुंबई में टेलीविजन और वेब इंडस्ट्री के एक और बड़े नाम पर गंभीर आरोप लगे हैं। Bigg Boss 7 के पूर्व प्रतियोगी और अभिनेता ऐजाज खान के खिलाफ 4 मई को चारकोप पुलिस स्टेशन में रेप की शिकायत दर्ज हुई है। शिकायत दर्ज होते ही ऐजाज खान फरार हो गए हैं और उनका मोबाइल भी बंद आ रहा है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है, और गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है।
30 वर्षीय एक महिला ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि ऐजाज खान ने उन्हें ‘हाउस अरेस्ट’ नामक वेब शो में काम का झांसा दिया। इसी दौरान ऐजाज ने महिला को शादी का प्रपोजल देकर भरोसा दिलाया और फिर 25 मार्च को अपने घर ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला का दावा है कि ऐजाज ने कई बार उनके साथ जबरदस्ती की और कहा कि उनके धर्म में चार शादियां जायज हैं, इसलिए वे उनकी जिम्मेदारी लेंगे।
इस मामले में ऐजाज खान पर भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 63, 64(2M), 69 और 74 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने ऐजाज के घर छापेमारी की लेकिन वह नहीं मिले। साथ ही उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिला है।
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ा जब 29 अप्रैल को ‘हाउस अरेस्ट’ शो की एक क्लिप वायरल हो गई। इस वीडियो में ऐजाज खान फीमेल कंटेस्टेंट्स को कैमरे के सामने कपड़े उतारने और कामसूत्र के पोज करने के लिए कह रहे थे। कुछ महिलाएं असहज थीं लेकिन सेट पर उनकी असहमति को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया।
इस शर्मनाक क्लिप के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही देशभर में महिला संगठनों और राजनीतिक दलों ने शो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने उल्लू एप के सीईओ विभु अग्रवाल और ऐजाज खान को 9 मई तक तलब किया है। आयोग ने इस क्लिप को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह मनोरंजन के नाम पर यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आता है।
अगर जांच में आरोप साबित होते हैं, तो यह मामला आईटी एक्ट 2000 और भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत एक गंभीर आपराधिक केस बन सकता है।
इधर, बजरंग दल ने भी इस वेब शो के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उल्लू डिजिटल मीडिया को चेतावनी दी थी कि यदि एप शो के सारे एपिसोड नहीं हटाता, तो वे अपने तरीके से कार्रवाई करेंगे। इस दबाव के बाद उल्लू एप ने आधिकारिक माफीनामा जारी करते हुए शो के सभी एपिसोड डिलीट कर दिए। अपने माफीनामे में उन्होंने इसे “इंटरनल टीम की लापरवाही” बताया और इस गंभीर लापरवाही के लिए खेद प्रकट किया।
ऐजाज खान इससे पहले भी कई बार विवादों में घिर चुके हैं, लेकिन इस बार मामला न केवल गंभीर है बल्कि कानूनी और सामाजिक दोनों स्तरों पर बड़ा असर डाल सकता है। अब देखना यह होगा कि ऐजाज खान कब पुलिस गिरफ्त में आते हैं और न्यायिक प्रक्रिया किस दिशा में जाती है।