पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक तनाव चरम पर: पाकिस्तान ने अपने बंदरगाहों पर बंद की भारतीय झंडे वाले जहाजों की एंट्री, भारत ने बैन किए इमरान और बिलावल के ट्विटर अकाउंट; दो पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार

You are currently viewing पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक तनाव चरम पर: पाकिस्तान ने अपने बंदरगाहों पर बंद की भारतीय झंडे वाले जहाजों की एंट्री, भारत ने बैन किए इमरान और बिलावल के ट्विटर अकाउंट; दो पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

नई दिल्ली से लेकर एलओसी तक, पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इसी गंभीर घटनाक्रम के बीच एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके आवास पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच मुख्य रूप से पहलगाम हमले और भविष्य की सैन्य रणनीति को लेकर उच्च स्तरीय चर्चा हो रही है। इस हमले के बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शीर्ष स्तर पर हलचल तेज हो चुकी है।

इधर, पंजाब की अमृतसर पुलिस ने दो पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार कर सनसनी फैला दी है। पुलिस ने बताया कि ये दोनों सैन्य छावनियों और एयरफोर्स बेस की खुफिया जानकारी और तस्वीरें पाकिस्तान भेज रहे थे। इनका संबंध ISI से जुड़े एक ऑपरेटिव से है, जो इस वक्त अमृतसर जेल में बंद है। इससे पहले राजस्थान बॉर्डर पर एक पाकिस्तानी रेंजर को भी BSF ने हिरासत में लिया है, जिस पर जासूसी का शक है। वहीं, असम में पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने वाले 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने साफ कहा कि देशद्रोहियों पर कोई रहम नहीं किया जाएगा।

भारत ने इस बीच बड़ा एक्शन लिया है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और बिलावल भुट्टो का X (ट्विटर) अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। यह कार्रवाई भारत विरोधी गतिविधियों और पहलगाम हमले के बाद फैलाई गई भड़काऊ सामग्री के कारण की गई है।

हालाँकि जैसे ही भारत में गुस्सा बढ़ा, पाकिस्तान ने भी एक खतरनाक दांव खेला। रूस में पाकिस्तानी राजदूत मोहम्मद खालिद जमाली ने भारत को खुलेआम न्यूक्लियर अटैक की धमकी दे डाली। उन्होंने रूसी मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत अगर पाकिस्तान पर हमला करता है, तो इस्लामाबाद पूरी ताकत से जवाब देगा, चाहे वह परमाणु हमला ही क्यों न हो। LoC पर पाकिस्तान की उकसावेभरी कार्रवाई भी थमने का नाम नहीं ले रही। पिछले 10 दिनों में लगातार सीजफायर का उल्लंघन हो रहा है। कुपवाड़ा, उरी, पुंछ, राजौरी से लेकर अखनूर तक पाक सेना ने भारी गोलीबारी की है, जिसमें आम नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाया जा रहा है। इसके अलावा पाकिस्तानी हैकर ग्रुप्स ‘ट्रांसपेरेंट ट्राइब’ और ‘CrimsonRAT’ के जरिए भारतीयों को नकली सरकारी PDF भेजकर फिशिंग हमले कर रहे हैं।

वहीं, पाकिस्तान ने अपने करीब 80 फाइटर जेट्स को फॉरवर्ड एयरबेस पर तैनात कर दिया है और LoC पर सेना की मूवमेंट बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने केवल 10 दिनों में सैन्य तैयारियों पर करीब 5000 करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं। इस राशि में चीन और तुर्की से खरीदे गए हथियारों का खर्च शामिल नहीं है। बता दें, आर्थिक मोर्चे पर भी तनाव गहराता जा रहा है। भारत ने पाकिस्तान से आयात पर रोक लगाई तो पाकिस्तान ने भी जवाबी कदम उठाते हुए भारतीय झंडे वाले जहाजों की एंट्री अपने बंदरगाहों पर बंद कर दी है।

Leave a Reply