बॉलीवुड परिवार में शोक की लहर: बोनी कपूर और अनिल कपूर की मां निर्मल कपूर का 90 वर्ष की उम्र में निधन, आज अंतिम संस्कार

You are currently viewing बॉलीवुड परिवार में शोक की लहर: बोनी कपूर और अनिल कपूर की मां निर्मल कपूर का 90 वर्ष की उम्र में निधन, आज अंतिम संस्कार

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

बॉलीवुड के प्रतिष्ठित कपूर परिवार में एक दुखद क्षण आया है। फिल्म निर्माता बोनी कपूर और अभिनेता अनिल कपूर की मां निर्मल कपूर का शुक्रवार, 2 मई 2025 को 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहीं निर्मल कपूर को हाल के महीनों में कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी, और शुक्रवार को परिवार के बीच उन्होंने शांतिपूर्वक दुनिया को अलविदा कह दिया।

निर्मल कपूर का अंतिम संस्कार आज सुबह 11:30 बजे विले पार्ले श्मशान घाट पर किया गया। इस मौके पर कपूर परिवार के सभी सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मौजूद रहे। वहीं, बॉलीवुड इंडस्ट्री से भी कई हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंची।

बोनी कपूर ने अपनी मां के निधन की जानकारी एक भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने लिखा –

“2 मई 2025 को, अपने परिवार के बीच निर्मला कपूर ने शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उन्होंने एक खुशहाल और पूर्ण जीवन जिया। उनके पीछे चार बच्चे, प्यारी बहुएं, एक दामाद, ग्यारह पोते-पोतियां, चार परपोते-परपोतियां और ढेर सारी यादें रह गई हैं। उनका स्नेह और दयालुता हर उस व्यक्ति को छू गई जो उनके करीब था। वह हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी, हमेशा याद की जाएंगी।”

1955 में हुई थी सुरिंदर कपूर से शादी

निर्मल कपूर ने साल 1955 में दिग्गज फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर से विवाह किया था। यह जोड़ी बॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित और प्रभावशाली परिवारों में से एक मानी जाती है। इस दंपती के चार बच्चे हुए – तीन बेटे बोनी कपूर, अनिल कपूर और संजय कपूर और एक बेटी रीना कपूर। वहीं, सोनम कपूर, अर्जुन कपूर, जान्हवी कपूर और खुशी कपूर जैसी कई जानी-मानी हस्तियां उनकी पोतियां और पोते हैं।

90वें जन्मदिन पर किया गया था खास आयोजन

पिछले साल ही निर्मल कपूर ने जीवन के 90 वर्ष पूरे किए थे। इस विशेष अवसर पर कपूर परिवार ने भव्य समारोह का आयोजन कर उनका जन्मदिन मनाया था। बोनी कपूर और अनिल कपूर ने मां को सोशल मीडिया पर भावुक संदेशों के साथ शुभकामनाएं दी थीं, जिनमें उनके जीवन की संघर्षपूर्ण, स्नेहमयी और प्रेरणादायी यात्रा को याद किया गया था।

निर्मल कपूर के निधन से बॉलीवुड जगत में शोक की लहर फैल गई है। कई सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की है और कपूर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। यह एक युग का अंत है, जिसमें परिवार की जड़ें बेहद गहरी और भावनात्मक रूप से जुड़ी रही हैं।

Leave a Reply