नागपुर में सांप्रदायिक हिंसा: मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान गिरफ्तार, 500 से ज्यादा दंगाइयों को भड़काने का आरोप; 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में

You are currently viewing नागपुर में सांप्रदायिक हिंसा: मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान गिरफ्तार, 500 से ज्यादा दंगाइयों को भड़काने का आरोप; 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

17 मार्च की वह रात, जब नागपुर के महल इलाके में हिंसा की चिंगारी भड़क उठी। दिन में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान गोबर के कंडों से भरा एक हरे रंग का कपड़ा जलाया गया। VHP के मुताबिक, यह औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र थी। लेकिन इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शहर का माहौल गरमा गया।

शाम 7:30 बजते ही नागपुर के शांत माहौल में आक्रोश की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते उपद्रवी समूहों ने सड़कों पर कब्जा कर लिया। चारों ओर पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ का नज़ारा था। मकानों पर पत्थर फेंके जा रहे थे, दुकानों के शटर तोड़े जा रहे थे, और वाहनों को आग के हवाले किया जा रहा था। पुलिस हालात काबू में करने पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने उन पर भी हमला कर दिया। भीड़ में शामिल दंगाइयों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करने की कोशिश की। दंगाइयों ने महिला पुलिस अधिकारियों को निशाना बनाया, उनके कपड़े उतारने की कोशिश की और झड़प के दौरान उन्हें गलत तरीके से छूने का प्रयास किया। FIR के मुताबिक, भालदरपुरा चौक के पास रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दंगाइयों ने महिला अधिकारी से अश्लील हरकतें कीं।

खौफनाक रात: पुलिस पर हमला, DCP घायल, जलते वाहन और दंगाइयों का तांडव

रात के अंधेरे में हिंसा और भी विकराल हो गई। पुलिस बल हालात संभालने की कोशिश कर ही रहा था कि अचानक भीड़ से कुल्हाड़ी लिए एक शख्स निकला और सीधे DCP निकेतन कदम पर वार कर दिया। अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन हालात बेकाबू होते जा रहे थे। महल इलाके से निकलकर हिंसा ओल्ड भंडारा रोड और हंसपुरी तक फैल गई।

रात 10:30 से 11:30 के बीच उपद्रवियों ने 12 बाइक, कई कारें और यहां तक कि एक JCB तक जला दी। लपटों में घिरी गाड़ियां, चिल्लाते लोग और भगदड़ का खौफनाक मंजर हर किसी को झकझोर रहा था। इस दौरान 33 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें 3 DCP भी शामिल थे। पांच आम नागरिक भी जख्मी हुए, जिनमें से एक को गंभीर हालत में ICU में भर्ती कराना पड़ा।

कर्फ्यू, गिरफ्तारियां और मास्टरमाइंड की तलाश

18 मार्च को नागपुर के 11 इलाकों में कर्फ्यू लागू कर दिया गया। शहर भर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अब तक 50 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है और 19 आरोपियों को 21 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस की जांच ने हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि उसने 500 से ज्यादा लोगों को इकट्ठा कर हिंसा को हवा दी। नागपुर पुलिस ने उसे बुधवार को गिरफ्तार किया और 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।

औरंगजेब की कब्र पर विवाद और बढ़ा, ‘नो ड्रोन जोन’ घोषित

नागपुर में हिंसा के बाद महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के खुल्ताबाद में स्थित औरंगजेब की कब्र को लेकर भी माहौल गर्मा गया है। प्रशासन ने इसे ‘नो ड्रोन जोन’ घोषित कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर उग्र पोस्ट्स की बाढ़ आ गई, जिनमें से 500 से अधिक पोस्ट पुलिस ने डिलीट करवा दी हैं।

Leave a Reply