इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन: नए साल में शुरू होगा हाईवे का निर्माण, 2028 में होगा पूरा!

You are currently viewing इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन: नए साल में शुरू होगा हाईवे का निर्माण, 2028 में होगा पूरा!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

नए साल का जश्न इंदौर और उज्जैन के यात्रियों के लिए एक खास तोहफा लेकर आ रहा है! इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन हाईवे का काम अब शुरू होने जा रहा है, जो इस क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय लिखेगा। यह हाईवे न सिर्फ सफर को तेज़ बनाएगा, बल्कि लाखों यात्रियों के लिए एक सुविधाजनक विकल्प भी साबित होगा। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को लेकर साइट क्लीयरेंस का काम तेजी से चल रहा है। सड़क की दोनों तरफ अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं, और उच्च गुणवत्ता के निर्माण के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

अभी तक इंदौर से उज्जैन तक की दूरी करीब 55 किलोमीटर तय करने में एक से सवा घंटा लगता है, लेकिन हाईवे बनने के बाद यह यात्रा सिर्फ 40 से 45 मिनट में पूरी की जा सकेगी। यह हाईवे मौजूदा फोरलेन सड़क को चौड़ा कर बनाए जाने वाला है, जिसमें दोनों तरफ एक-एक नई लेन बनाई जाएगी।

जानकारी के लिए आपको बता दें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान 19 सितंबर, गुरुवार को उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन हाईवे का वर्चुअल भूमि पूजन किया था। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 1692 करोड़ रुपए है, जिसमें निर्माण लागत 623 करोड़ रुपये है। निर्माण के बाद, एक ही टोल नाका स्थापित किया जाएगा, जिससे वर्तमान दो टोल नाकों का बोझ खत्म होगा और यात्री आराम से यात्रा कर सकेंगे। साथ ही, हाईवे के दोनों ओर स्थित टाउनशिप को भी इसका लाभ मिलेगा। वहीं, हाईवे पर 8 फ्लायओवर और अंडरपास बनाए जाएंगे, जिनमें से प्रमुख फ्लायओवर उज्जैन के नानाखेड़ा बस स्टॉप और महावीर मार्ग पर बनेंगे। अन्य 6 अंडरपास महत्वपूर्ण चौराहों और बायपासों पर बनाए जाएंगे, जो यातायात के प्रवाह को बेहतर बनाएंगे। नए साल से इस हाईवे के निर्माण की शुरुआत होने के साथ ही, यह इंदौर और उज्जैन के बीच यात्रा को और भी सुविधाजनक और तेज़ बनाएगा।

Leave a Reply