बुधनी कांग्रेस पर बरसे कार्तिकेय, बोले – “जो अपने ज़माने में एक नलका नहीं लगा पाए, वे हवा महल बनाने आए हैं”

You are currently viewing बुधनी कांग्रेस पर बरसे कार्तिकेय, बोले – “जो अपने ज़माने में एक नलका नहीं लगा पाए, वे हवा महल बनाने आए हैं”

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान इन दिनों राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। इसी के चलते उन्होंने बुधनी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला किया।

दरअसल, कार्तिकेय बुधनी विधानसभा में सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बुधनी के विकास को लेकर कांग्रेस के हमले पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब दस साल दिग्विजय सिंह की सरकार के समय बुधनी में कांग्रेस का एक विधायक था, तब कांग्रेसी चाहते तो कई विकास कार्य कर सकते थे, लेकिन अपने जमाने में जो एक नलका नहीं लगा पाए, एक टूटी ईंट नहीं लगा पाए, वे हवा महल बनाने आए हैं। उन्होंने आगे कहा कि ये कांग्रेसी साथी, जरा सोचने का प्रयास करें कि आखिर क्या दिया है कांग्रेस ने उन 10 सालों में। वहीं, कार्तिकेय ने इसका वीडियो भी अपने एक्स पर अपलोड किया।

बता दें, कार्तिकेय सिंह चौहान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे हैं। शिवराज सिंह चौहान के केंद्रीय मंत्री बन जाने के बाद से कार्तिकेय चौहान मध्य प्रदेश की सियासत में काफी एक्टिव हो गए हैं, फिर चाहे वो पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलना हो या कोई सभा करनी हो। पिता के केंद्रीय मंत्री बन जाने के बाद उनकी कमी को अब कार्तिकेय पूरा करने में जुटे हुए हैं।

वहीं, इससे पहले भी कार्तिकेय के बयान मध्य प्रदेश का सियासी पारा तेज कर चुके हैं, जहां उन्हें कांग्रेस नेताओं ने नसीहत भी दी थी।

Leave a Reply