जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज झारखंड और छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में शाम 6 बजे वे राज्योत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। यह तीन दिवसीय राज्योत्सव 4 से 6 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित किया जाएगा। इसके पहले, मुख्यमंत्री ने झारखंड के रांची जिले में कांके विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया।
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वहां की जनता को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि छत्तीसगढ़, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का स्थापना दिवस मनाना एक खुशी की बात है। मध्य प्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ का गठन हुआ, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का बड़ा योगदान था। दोनों राज्यों का पुराना रिश्ता है और वे विकास और जन कल्याण के लिए मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इसके अलावा, उन्होंने छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश में आने वाले हाथियों के प्रबंधन और संरक्षण के लिए साझा कार्ययोजना बनाने पर विचार करने की भी बात कही है।