जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर में 24 जनवरी को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। बता दें, यहाँ आगामी 24 जनवरी को मंत्रि-परिषद की बैठक आयोजित होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक पूरी तरह से मालवा की महारानी लोकमाता अहिल्या देवी को समर्पित होगी। यह आयोजन न केवल उनके महान कार्यों को श्रद्धांजलि देने का माध्यम बनेगा, बल्कि जनकल्याण से जुड़ी नई योजनाओं को मंजूरी देने का भी अवसर होगा।
बैठक की शुरुआत महेश्वर के प्रसिद्ध अहिल्या किले में होगी, जहां मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य लोकमाता अहिल्या देवी की राजगद्दी के दर्शन करेंगे। इस बैठक में जनकल्याण से जुड़ी कई नई योजनाओं को मंजूरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यह आयोजन लोकमाता के सद्कार्यों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे इस आयोजन में भाग लें और लोकमाता के पुण्य स्मरण में सम्मिलित हों। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2025 में लोकमाता अहिल्या देवी की 300वीं जयंती पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की पावन धरा वह स्थान है, जहां रानी दुर्गावती, लोकमाता अहिल्या देवी, सम्राट विक्रमादित्य और राजा भोज जैसे प्रतापी एवं सुशासन लाने वाले शासक हुए हैं। इनके नाम और काम पर मध्यप्रदेश सदैव गौरवान्वित होता आया है। इस संदर्भ में महिला शासिका लोकमाता अहिल्या देवी का नाम भी अजर-अमर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “लोकमाता अहिल्या देवी का जीवन धार्मिकता, त्याग और करुणा का प्रतीक था। उनकी कर्तव्यपरायणता और सुशासन से हमें असीम प्रेरणा मिलती है।” डॉ. यादव ने लोकमाता अहिल्या देवी को न केवल एक कुशल शासिका बल्कि आदर्श नारी और माता बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि, “पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी का त्याग, समर्पण और जनकल्याण का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके 300वें जयंती वर्ष के पावन अवसर पर 24 जनवरी को महेश्वर की पवित्र धरा पर विशेष कैबिनेट बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक बैठक में देवी अहिल्याबाई जी के आदर्शों को समर्पित रखते हुए जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। महेश्वर की यह ऐतिहासिक धरा एक बार फिर उनके गौरवशाली योगदान की साक्षी बनेगी।”