जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर हर बार हर क्षेत्र में पहले आने की कोशिश में लगा रहता है। स्वच्छता में पहले स्थान पर रहने के बाद, इंदौर ने अब एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है।
बता दें, इंदौर को पाँचवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के वेस्टर्न जोन में बेस्ट डिस्ट्रिक्ट कैटेगरी में पहला पुरस्कार मिला है। राष्ट्रपति मुर्मु ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार इंदौर के कलेक्टर आशीष सिंह को सौंपा। इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त शिवम वर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन भी उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार, जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग ने 5वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार, 2023 के लिए 09 श्रेणियों में 38 विजेताओं का ऐलान किया। इसमें बेस्ट राज्य, बेस्ट जिला, बेस्ट ग्राम पंचायत, बेस्ट शहरी स्थानीय निकाय, बेस्ट स्कूल या कॉलेज, बेस्ट उद्योग, बेस्ट जल उपयोगकर्ता संघ, बेस्ट संस्थान (स्कूल या कॉलेज के अलावा) और बेस्ट नागरिक समाज शामिल हैं। इंदौर ने बेस्ट डिस्ट्रिक्ट कैटेगरी में पहला पुरस्कार हासिल किया है।
बता दें, इससे पहले सोमवार को इंदौर में उस वक्त स्वर्णिम इतिहास रचा गया था जब यहाँ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक ही दिन में एक साथ करीब 222.25 करोड़ रुपये के 4 फ्लाईओवर का लोकार्पण किया था।
इसके अलावा, इंदौर, जो स्वच्छता में हमेशा टॉप पर रहा है, अब पीएम सूर्यघर योजना के बाद सौर ऊर्जा उत्पादन में मध्य प्रदेश के अन्य शहरों को मात देकर पहले स्थान पर बना हुआ है। इस महानगर में करीब 12000 जगहों पर सौर ऊर्जा का उत्पादन हो रहा है, और इसकी कुल क्षमता 100 मेगावाट से अधिक है।