लखनऊ से वाराणसी के लिए शाम को उड़ान भरने के बाद इंडिगो के विमान में अचानक बड़ी तकनीकी खराबी आ गई। इसमें केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय समेत 70 यात्री थे। पायलट की सूझबूझ से विमान वापस लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। कोई दूसरी उड़ान न होने पर यात्रियों ने खूब हंगामा किया। बाद में उन्हें बस से वाराणसी भेजा गया।
लखनऊ से वाराणसी के लिए विमान संख्या 6ई 7741 ने शाम 625 बजे उड़ान भरी थी। इसके चार से पांच मिनट बाद ही गड़बड़ी का पता चल गया था। विमान उस वक्त मोहनलालगंज के निगोहां के ऊपर था। पायलट ने विमान को पूरा यू टर्न देते हुए मोड़ा। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के पूर्व कार्यकारी निदेशक और यूके इंडिया बिजिनेस काउंसिल के समूह मुख्य कार्यकारी जयंत कृष्णा के अनुसार विमान में कोई बड़ी खराबी आई थी। इसे प्रत्येक यात्री ने महसूस किया। जयंत कृष्णा के अनुसार जब पायलट लखनऊ में विमान को वापस उतारने का प्रयास कर रहा था तो यात्रियों को कुछ असामान्य आवाज सुनाई दीं। एयरलाइन ने तकनीकी खराबी की प्रकृति के बारे में नहीं बताया। यहां तक कि लखनऊ में विमान उतर गया तो यात्रियों को किसी दूसरी उड़ान का विकल्प देने की जगह वाराणसी के लिए बस यात्रा की पेशकश की।
एयरपोर्ट पर यात्रियों ने इंडिगो के कर्मचारियों के सामने विरोध जताया। कहा कि यह एक इमरजेंसी लैंडिंग थी। इस पर इंडिगो ने बताया कि पायलट को गड़बड़ी महसूस होने पर वह विमान को लौटा लाया। इमरजेंसी लैंडिंग की कॉल नहीं थी। विमान सामान्य ढंग से उतरा। वहीं, यात्री कह रहे थे कि उतरते समय विमान आगे की ओर काफी ज्यादा झुक गया था। यात्रियों ने ट्विटर पर भी अपना अनुभव साझा किया।