उज्जैन,13 अगस्त। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत बुधवार को उज्जैन रेल्वे स्टेशन के प्लेटफॉम क्रमांक 01 से वाराणसी और अयोध्या के लिए ट्रेन के माध्यम से तीर्थ यात्रा रवाना हुई। इसमें उज्जैन जिले के 200 और आगर मालवा जिले के 200 तीर्थ यात्री भारत गौरव दर्शन मानसखंड एक्सप्रेस से वाराणसी और अयोध्या के लिए रवाना हुए। यात्रा के निकलने के पूर्व प्लेटफार्म पर तीर्थ यात्रियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेडा,महापौर श्री मुकेश टटवाल ,नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव वीसी के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने तीर्थ यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं से कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में तीर्थ यात्रा का बहुत महत्व है। तीर्थ यात्रा से न सिर्फ हमारे पापों का क्षमण होता है बल्कि हमें मुक्ति का मार्ग भी मिलता है। तीर्थ यात्रा हमें जीवन के नैतिक मूल्यों और सिद्धांतों को समझने में मदद करती है। इससे हम अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं। तीर्थ यात्रा हमें अपनी सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं को समझने में मदद करती है। इससे हमें अपने समाज और संस्कृति के बारे में जानने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन के द्वारा हवाई मार्ग से भी तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जा रहे कुछ यात्रियों से चर्चा भी की। बड़नगर से तीर्थ यात्रा पर जा रही श्रीमती कल्पना शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी भावनाऐं व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार श्रवण कुमार ने अपने माता पिता को तीर्थ यात्रा करवाई थी, उसी प्रकार मुख्यमंत्री भी हमारे लिए श्रवण कुमार जैसे ही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी ओर से आशीर्वाद दिया और उनके प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। एक अन्य श्रद्धालु श्री रज्जूकिशोर ने कहा कि आज उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। शासन के द्वारा यह एक बहुत अच्छी योजना चलाई जा रही है। आगर मालवा के श्री बाबुलाल शर्मा ने कहा कि बहुत दिनों से उनकी प्रभू श्री राम के दर्शन करने की प्रबल इच्छा थी। आज मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से उनका सपना पूरा हो रहा है। उनहोंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने सभी को अपनी ओर से शुभकामनाऐं दी।
विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा ने कार्यक्रम में कहा कि तीर्थ यात्रा हमे मानव जीवन के उद्देश्य और अर्थ को समझने में भी सहायता करती है।
सभापति श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि प्रत्येक भारतवासी के मन में 12 ज्योतिर्लिंगों में एक श्री काशी विश्वनाथ एवं मां गंगा में स्नान करने की प्रबल इच्छा होती है। जो आज अधिकांश तीर्थ यात्रियों की पूरी होने वाली है। तीर्थ यात्रा हमें आध्यात्मिक रूप से विकसित होने में मदद करती है। इससे हमें अपने जीवन के उद्देश्य और अर्थ को समझने में मदद मिलती है। तीर्थ यात्रा से हमें मानसिक शांति और संतुष्टि मिलती है। इससे हमारे मन और आत्मा को शांति मिलती है।
तीर्थ यात्रा पर जाने वाले सभी यात्रियों का जनप्रतिनिधियों के द्वारा पुष्प माला पहनाकर सम्मान किया गया ,और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया गया। उल्लेखनीय है कि शासन की ओर से यात्रियों की देखभाल के लिए 02 अनुरक्षक भी भेजे गए। कार्यक्रम में कलेक्टर के द्वारा कोच में पहुँचकर तीर्थ यात्रियों से चर्चा की गई। यात्रियों ने भी अपनी भावनाओं को साझा किया। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी यात्रियों को अपनी ओर से शुभकामनाऐं दी। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी यात्रियों को पहचान पत्र प्रदाय किए गए है तथा उन्हें यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक जानकारीयां प्रदाय कर दी गई है।