जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
गर्मियों में अपनी सेहत को लेकर थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। ऐसे में कुछ घरेलू और प्राकृतिक उपाय न सिर्फ आपकी सेहत को सुधार सकते हैं, बल्कि कई बीमारियों से बचाव में भी कारगर हो सकते हैं। ऐसा ही एक बेहद आसान और असरदार उपाय है – भीगी हुई किशमिश का सेवन। जी हां! रोजाना रात को किशमिश भिगोकर सुबह खाली पेट उसका सेवन करना आपके शरीर को भीतर से डिटॉक्स करने, ऊर्जा देने और पाचन सुधारने जैसा असर डाल सकता है।
हालांकि ज्यादातर लोग किशमिश को बिना भिगोए सूखा ही खाते हैं, लेकिन यही गलती उनके शरीर को इसके असली फायदों से वंचित कर देती है। आयुर्वेद और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि भीगी हुई किशमिश, सूखी किशमिश की तुलना में कई गुना अधिक लाभकारी होती है, खासकर गर्मियों के मौसम में।
शरीर को ठंडा रखने में मददगार
भीगी हुई किशमिश की सबसे खास बात यह है कि यह शरीर की गर्मी को नियंत्रित करती है। किशमिश की तासीर गर्म मानी जाती है, इसलिए यदि इसे भिगोकर खाया जाए तो यह शरीर में ठंडक पहुंचाती है। गर्मियों में हीट स्ट्रोक, नकसीर या अत्यधिक पसीना जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए यह किसी रामबाण से कम नहीं है।
प्राकृतिक डिटॉक्सिफायर और हाइड्रेशन बूस्टर
भीगी किशमिश का सेवन शरीर को भीतर से साफ करने का कार्य करता है। यह लिवर और आंतों को डिटॉक्स करता है और साथ ही शरीर को हाइड्रेट भी रखता है। ऐसे लोग जो गर्मियों में अक्सर थकावट, चक्कर या कमजोरी महसूस करते हैं, उनके लिए ये बेहद असरदार है।
पाचन तंत्र को बनाए दुरुस्त
किशमिश में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो आंतों की सफाई, कब्ज से राहत और गैस जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। रोजाना सुबह खाली पेट भीगी किशमिश खाने से पेट साफ रहता है और भोजन अच्छे से पचता है।
हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मददगार
किशमिश में आयरन और कॉपर मौजूद होते हैं जो शरीर में रेड ब्लड सेल्स (RBCs) के निर्माण में सहायक होते हैं। यह महिलाओं और एनीमिया से ग्रस्त लोगों के लिए विशेष रूप से लाभदायक माना जाता है। हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ने से शरीर में थकावट, चक्कर और सांस फूलने जैसी समस्याएं धीरे-धीरे कम होती जाती हैं।
दिल के लिए संजीवनी बूटी
भीगी किशमिश में मौजूद पोटेशियम हार्ट हेल्थ के लिए किसी औषधि से कम नहीं है। यह ब्लड प्रेशर को संतुलित रखता है और दिल से जुड़ी गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करता है। हाई ब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन से जूझ रहे लोगों को भी इसका सेवन जरूर करना चाहिए।
कब और कैसे करें सेवन?
रात में सोने से पहले 8-10 किशमिश को एक गिलास पानी में भिगो दें। सुबह उठकर खाली पेट पहले वो किशमिश खाएं और फिर वो पानी पी लें जिसमें किशमिश भीगी हुई थी। यह आदत न केवल आपकी पाचन क्रिया को सुधार देगी, बल्कि दिनभर आपको ऊर्जावान और तरोताजा महसूस कराएगी।
⚠️ Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और घरेलू उपायों पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह लेना अनिवार्य है। हम इस जानकारी की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं करते ।