जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
सर्द हवाओं ने मध्यप्रदेश में ठंड का असर तेज कर दिया है। शहडोल के कल्यापुर में पारा 5 डिग्री से नीचे गिर गया, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई। सोमवार, 27 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश जिलों में ठिठुरन महसूस की जा रही है। उमरिया में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम है। वहीं, रीवा में अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो दिन का सबसे कम तापमान रहा। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और मंडला सहित 20 जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से कम रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, 1 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में बारिश का अनुमान है। लेकिन इंदौर, भोपाल और उज्जैन संभाग के लोगों के लिए मौसम साफ रहने वाला है। बता दें, कुछ दिनों पहले तक दक्षिण-पूर्वी हवाओं के चलते ठंड कम हो गई थी। दिन और रात के तापमान में खासी बढ़ोतरी देखने को मिली थी। लेकिन शुक्रवार से उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, ठंड का यह दौर सोमवार और मंगलवार तक जारी रहेगा। हालांकि, मंगलवार की रात से तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। 28 से 31 जनवरी के बीच दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड बनी रहेगी। लेकिन 1 फरवरी से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
दो दिन का मौसम अलर्ट
27 जनवरी: पूरे प्रदेश में ठंड का असर रहेगा। सुबह और रात में सर्द हवाओं का प्रकोप महसूस होगा।
28 जनवरी: ठंड जारी रहेगी। कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है।