जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
संसद भवन में अपना रौद्र रूप दिखाने वाले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जब रैंप पर आए, तो सभी की आंखें खुली की खुली रह गईं। दरअसल, वे दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहे तीन दिवसीय अष्ट लक्ष्मी महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने एक फैशन शो में भाग लेकर अपनी एक नई छवि पेश की। जैसे ही सिंधिया रैंप पर आए, वहां मौजूद दर्शक हैरान रह गए।
बता दें, सिंधिया ने इस अवसर पर एरी सिल्क के क्रीम रंग के कोट में दमदार अंदाज में रैंप पर कदम रखा। उनके गले में लाल रंग का मफलर था, जो उनके लुक को और भी आकर्षक बना रहा था। उनके हर कदम पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल गूंज उठा, और लोग उनके आत्मविश्वास से भरे रैंप वॉक को देखकर दंग रह गए। इसके साथ ही, राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार भी रैंप पर सिंधिया के साथ थे, जिन्होंने क्रीम रंग का कोट और लाल मफलर पहनकर फैशन शो में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। शो के दौरान दोनों के बीच गजब का तालमेल देखने को मिला। अब दोनों का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग दोनों के रैंप वॉक को खूब पसंद कर रहे हैं। वहीं, दोनों मंत्रियों का यह फैशन स्टेटमेंट सिर्फ एक शो नहीं था, बल्कि यह दर्शाता था कि राजनीति में भी व्यक्तित्व की अहमियत है।
बता दें, अष्टलक्ष्मी महोत्सव एक तीन दिन का सांस्कृतिक उत्सव है, जो 6 से 8 दिसंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है। यह पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाता है, जिसमें पारंपरिक कला, शिल्प और सांस्कृतिक परंपराओं का एक अनोखा संगम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को किया।