‘वोट चोर गद्दी छोड़’ बनाम ‘मोदी विरोधी नारे’… ग्वालियर में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, माहौल गरमाया; मोदी पर अपशब्दों के विरोध में राहुल गांधी का किया पुतला दहन!

You are currently viewing ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ बनाम ‘मोदी विरोधी नारे’… ग्वालियर में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, माहौल गरमाया; मोदी पर अपशब्दों के विरोध में राहुल गांधी का किया पुतला दहन!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

बिहार के दरभंगा में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे जाने के विरोध में सोमवार को ग्वालियर में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और राहुल गांधी व कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी का पुतला भी जलाया।

आमने-सामने आ गए भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता

भाजपा और भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता रैली के रूप में शहर के कांग्रेस दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखे नारे लगाए। इसी बीच डीडी मॉल की ओर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता भी मैदान में उतर आए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही माहौल गर्मा गया और झड़प जैसी स्थिति बन गई। कांग्रेस कार्यकर्ता भी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाने लगे।

पुलिस ने पहले से संभाली थी कमान

संभावित विवाद को भांपते हुए पुलिस पहले ही सतर्क थी। कांग्रेस कार्यालय को चारों तरफ से बैरिकेड्स लगाकर घेर लिया गया था। प्रदर्शन के दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड्स पार करने की कोशिश करने लगे, जिससे धक्का-मुक्की बढ़ गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की और भीड़ को नियंत्रित किया। इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

बारिश में भी जारी रहा प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान हर 15-20 मिनट में रिमझिम बारिश होती रही, लेकिन न कार्यकर्ताओं का जोश कम हुआ और न ही विरोध थमा। शिंदे की छावनी इलाके में कांग्रेस दफ्तर के सामने प्रदर्शन चलते रहने से करीब दो घंटे तक मार्ग बंद रहा। इस दौरान यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। नौगजा रोड और अन्य वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट किया गया, फिर भी सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे।

सीहोर में भी विरोध प्रदर्शन

ग्वालियर के साथ-साथ सीहोर में भी भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यहां भी राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। विवाद के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।

Leave a Reply