विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने अयोध्या में किए रामलला और हनुमानजी के दर्शन, सुबह 7 बजे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे थे दोनों; राम मंदिर के प्रथम तल के निर्माण कार्य का भी किया अवलोकन!

You are currently viewing विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने अयोध्या में किए रामलला और हनुमानजी के दर्शन, सुबह 7 बजे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे थे दोनों; राम मंदिर के प्रथम तल के निर्माण कार्य का भी किया अवलोकन!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी विराट कोहली और उनकी पत्नी, प्रसिद्ध अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने रविवार सुबह अयोध्या पहुंचकर सनातन परंपराओं में अपनी आस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों सुबह 7 बजे रामलला के दर्शन के लिए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश किया और लगभग 10 मिनट तक रामलला के साक्षात दर्शन कर आराधना की। मंदिर में मोबाइल और कैमरे निषिद्ध होने के कारण अंदर की कोई तस्वीर सार्वजनिक नहीं हुई, लेकिन मंदिर के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की कि दोनों श्रद्धा में पूरी तरह लीन थे।

मंदिर परिसर में विराट और अनुष्का को विशेष प्रोटोकॉल के तहत प्रवेश कराया गया। मंदिर के वरिष्ठ पुजारी संतोष तिवारी ने उन्हें रामनामी ओढ़ाकर स्वागत किया। दर्शन के पश्चात सुबह 8 बजे दोनों श्रद्धालु हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां विराट ने भगवान बजरंगबली को सवा किलो लड्डू और पुष्पमालाएं अर्पित कीं। मंदिर के पुजारी ने उन्हें आशीर्वाद स्वरूप सफेद और लाल रंग की फूलमालाएं पहनाईं और सिर पर हाथ रखकर विशेष आशीर्वाद प्रदान किया। अनुष्का शर्मा को भी पीले रंग की पुष्पमालाएं पहनाकर आशीर्वाद दिया गया। इसके बाद महंत द्वारा दोनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। विराट ने पत्नी अनुष्का का हाथ थामकर मंदिर की परिक्रमा की और दोनों श्रद्धालु लगभग 20 मिनट तक इस पावन स्थल पर रुके।

विराट और अनुष्का ने राम मंदिर के प्रथम तल के निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। मंदिर के पुजारी से उन्होंने नक्काशी और निर्माण से जुड़ी बारीकियों को जाना। बताया जा रहा है कि अब तक प्रथम तल पर केवल निर्माण एजेंसियों और पदाधिकारियों को ही अनुमति थी, ऐसे में विराट और अनुष्का की उपस्थिति विशेष मानी जा रही है। मंदिर परिसर में दोनों करीब आधे घंटे तक रहे और अध्यात्म के इस केंद्र की दिव्यता को नजदीक से अनुभव किया।

हनुमानगढ़ी में दर्शन के पश्चात महंत संजय दास ने विराट और अनुष्का को प्रभु हनुमान की एक पवित्र प्रतिमा भेंट की। उन्होंने कहा, “विराट और अनुष्का शर्मा का अध्यात्म, संस्कृति और सनातन धर्म के प्रति गहरा लगाव है। उन्होंने सच्चे मन से रामलला और हनुमानजी के दर्शन किए और धार्मिक चर्चा में भी रुचि दिखाई।”

इस यात्रा के दौरान विराट और अनुष्का का पारंपरिक परिधान भी श्रद्धा की गरिमा को दर्शा रहा था। अनुष्का ने लखनवी चिकन का सफेद कुर्ता पहना था और सिर पर गुलाबी रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा था, जबकि विराट क्रीम रंग के कुर्ता-पायजामा में नज़र आए। दर्शन के पश्चात दोनों लखनऊ के लिए रवाना हो गए। विशेष बात यह रही कि अयोध्या आगमन की जानकारी पहले से सार्वजनिक नहीं थी और दोनों ने मीडिया से पूरी दूरी बनाए रखी।

यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का ने अपने आध्यात्मिक झुकाव को सार्वजनिक रूप से प्रकट किया हो। इससे पूर्व 13 मई को, विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले ही दिन वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दर्शन किए थे। वहां दोनों ने 2 घंटे 20 मिनट बिताए और महाराज से निजी तौर पर लगभग 7 मिनट तक बातचीत भी की। विराट और अनुष्का को महाराज ने आशीर्वाद देते हुए चुनरी भेंट की और कहा, “जाओ, खूब आनंदित रहो, नाम जप करते रहो।” जब अनुष्का ने प्रश्न किया, “बाबा, क्या नाम जप से सब कुछ पूरा हो जाएगा?” तो महाराज ने उत्तर दिया, “हां, सब पूरा होगा।”

विराट कोहली ने 12 मई को इंस्टाग्राम पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने लिखा था कि टेस्ट फॉर्मेट ने उन्हें जीवन में अनुशासन, पहचान और अमूल्य सीखें दीं। और अब, अपने क्रिकेट करियर के इस नए पड़ाव पर वे आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ जीवन के अगले चरण की ओर बढ़ते दिख रहे हैं।

Leave a Reply