जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल के AIIMS का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में मानवता की सेवा को सर्वोच्च सम्मान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐतिहासिक एलान करते हुए कहा कि अंगदान और देहदान करने वालों को अब राजकीय सम्मान मिलेगा।
अंगदान करने वालों को मिलेगा राजकीय सम्मान!
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि अब अंगदान करने वालों को राजकीय सम्मान दिया जाएगा। इसके तहत—
✔️ मृतक के परिवार की सहमति से उनके पार्थिव शरीर को उचित चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
✔️ अंतिम संस्कार के समय राजकीय सम्मान दिया जाएगा।
✔️ अगर अंगदान करने वाले व्यक्ति के पास आयुष्मान कार्ड नहीं होगा, तो सरकार उसे बनवाने में मदद करेगी।
✔️ राष्ट्रीय पर्वों पर ऐसे महान लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
सीएम मोहन यादव ने यह भी ऐलान किया कि प्रदेश में अंग प्रत्यारोपण के लिए एक विशेष संस्थान स्थापित किया जाएगा, जहां आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। सभी मेडिकल कॉलेजों में अंगदान और प्रत्यारोपण की सुविधाएं मजबूत की जाएंगी। ताकि गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिले, इसके लिए एयर एंबुलेंस और हेलिकॉप्टर सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
बता दें, आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने AIIMS भोपाल पहुंचकर दिनेश मालवीय से भेंटकर सफल हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही AIIMS के चिकित्सकों की टीम को भी इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि, “कुछ दिनों पहले ब्रेन डेड घोषित सागर जिले के बलिराम कुशवाहा जी के परिवारजनों ने अंगदान-महादान का निर्णय लिया था। उनके हार्ट को ‘पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा’ के माध्यम से जबलपुर में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर AIIMS भोपाल लाया गया तथा मध्यप्रदेश में पहली बार हार्ट ट्रांसप्लांट किया गया। आज दिनेश जी से भेंटकर उनके स्वास्थ्य के संबंध में विस्तार से चर्चा की। यह आनंद की बात है कि वह स्वस्थ अनुभव कर रहे हैं और उन्हें कल डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। मैं बाबा महाकाल से उनके शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान और देहदान को लेकर राज्य सरकार व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इस महान कार्य के लिए आगे आ सकें।