खरमास 2025 का महत्व: शुभ कार्यों पर विराम, लेकिन इन उपायों से मिलेगा शुभ फल!

You are currently viewing खरमास 2025 का महत्व: शुभ कार्यों पर विराम, लेकिन इन उपायों से मिलेगा शुभ फल!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

हिंदू धर्म में खरमास को एक ऐसा समय माना जाता है, जब सभी शुभ और मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाता है। शादी-विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, सगाई, नामकरण जैसे पवित्र अनुष्ठान इस दौरान वर्जित माने जाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब सूर्य धनु और मीन राशि में प्रवेश करते हैं, तब खरमास की शुरुआत होती है। इस साल 14 मार्च 2025 को सूर्य के मीन राशि में प्रवेश करने के साथ ही खरमास लग गया है।

कब खत्म होगा खरमास 2025?

खरमास की अवधि एक महीने की होती है। इस बार यह 13 अप्रैल 2025 को समाप्त होगा, जब सूर्य मीन राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब सूर्य धनु या मीन राशि में होते हैं, तो उनकी ऊर्जा और तेज कुछ हद तक मंद पड़ जाती है। मांगलिक कार्यों के लिए सूर्य का तेजस्वी और प्रभावी होना आवश्यक माना जाता है। यही कारण है कि खरमास के दौरान किसी भी शुभ कार्य को करने की मनाही होती है।

खरमास के दौरान क्या करें?

हालांकि खरमास में शुभ कार्य नहीं किए जाते, लेकिन यह समय आध्यात्मिक उन्नति और ईश्वर की आराधना के लिए बेहद फलदायी होता है। इस दौरान निम्न कार्य करने से विशेष लाभ मिलता है—

✅ सूर्य देव की उपासना करें – हर रोज सूर्योदय के समय तांबे के लोटे में जल लेकर सूर्य देव को अर्घ्य दें और सूर्य चालीसा का पाठ करें। इससे कुंडली में सूर्य मजबूत होता है और मान-सम्मान में वृद्धि होती है।

✅ दान-पुण्य करें – इस महीने में जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। गो सेवा, गरीबों को भोजन कराने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है।

✅ भगवान विष्णु और श्रीराम की पूजा करें – खरमास में भगवान विष्णु और श्रीराम की पूजा करने से समस्त पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

✅ मंत्र जाप और हवन करें – इस दौरान ‘गायत्री मंत्र’ या ‘ऊं नमः शिवाय’ का जाप करने से नकारात्मकता दूर होती है। घर में हवन कराने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

✅ सात्विक जीवनशैली अपनाएं – इस माह में सात्विक भोजन करना, ब्रह्मचर्य का पालन करना और झूठ, क्रोध, कटु वचन से बचना उत्तम माना जाता है।

खरमास के बाद विवाह के शुभ मुहूर्त

खरमास समाप्त होते ही मांगलिक कार्यों का शुभारंभ हो जाएगा। अप्रैल 2025 में विवाह के लिए 9 शुभ तिथियां हैं—
📅 14, 16, 18, 19, 20, 21, 25, 29 और 30 अप्रैल

(Disclaimer: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। 

Leave a Reply