जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश के सतना में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई नजर आ रही है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिस थाने के अंदर भी पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। सोमवार देर रात करीब 12 बजे जैतवारा थाना परिसर में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग को एक नकाबपोश युवक ने गोली मार दी। गोली पुलिसकर्मी के कंधे के पास लगी और गंभीर हालत में उन्हें सतना जिला अस्पताल से रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल घायल पुलिसकर्मी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी के अनुसार, महादेवा निवासी हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग जैतवारा थाने में बने बैरक में रह रहे थे। सोमवार रात वे खाना खाने की तैयारी कर रहे थे कि अचानक कमरे के बाहर किसी के बुलाने की आवाज आई। जैसे ही प्रिंस गर्ग बाहर निकले, पहले से घात लगाए खड़े नकाबपोश आदर्श शर्मा उर्फ अच्छू बैरक युवक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली लगते ही प्रिंस गर्ग घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर थाने के अन्य पुलिसकर्मी बाहर आए, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुका था।
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी को सतना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए रीवा रेफर कर दिया गया। इस हमले ने पूरे पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस थाने में अपराधियों को बंद किया जाता है, वहीं पर अवैध हथियार लेकर घुसकर एक पुलिसकर्मी पर फायरिंग करना बेहद चिंता का विषय बन गया है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने आरोपी आदर्श शर्मा की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर दी हैं। आरोपी की तलाश उसके गांव मेहुती और अन्य संभावित ठिकानों पर की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी हो सकती है। साथ ही, इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जैतवारा थाना के पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई संभव मानी जा रही है।
सूत्रों की मानें तो गोली मारने की वजह एक पुराना विवाद बताया जा रहा है। कुछ दिनों पहले आदर्श शर्मा की गाड़ी को पुलिस ने रोक लिया था और इसी बात को लेकर प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग से उसकी तीखी बहस हुई थी। आदतन अपराधी आदर्श ने इसी रंजिश के चलते थाने में घुसकर गोली चलाई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला। हालाँकि सतना जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 27 जनवरी को नागौद क्षेत्र के पिथौराबाद गांव में सरपंच पति और उसके गुर्गों ने नाली निर्माण के विरोध पर 15 राउंड फायरिंग की थी।