MP के 17,500 किसानों को राहत: अतिवृष्टि-बाढ़ से प्रभावित किसानों को CM मोहन यादव ने सिंगल क्लिक में 20.60 करोड़ बांटे, खातों में पहुंची राहत राशि!

You are currently viewing MP के 17,500 किसानों को राहत: अतिवृष्टि-बाढ़ से प्रभावित किसानों को CM मोहन यादव ने सिंगल क्लिक में 20.60 करोड़ बांटे, खातों में पहुंची राहत राशि!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश के किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के चलते हुई फसल क्षति का मुआवजा अब तेजी से मिल रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से प्रदेश के 11 जिलों के 17,500 किसानों के खातों में 20 करोड़ 60 लाख रुपये की बाढ़ राहत राशि सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की। यह राहत राशि हाल ही में प्रदेश में हुई अतिवृष्टि और बाढ़ जैसी आपदाओं से प्रभावित अन्नदाताओं को दी गई है।

किसानों से सीधा संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने किसानों से उनकी स्थिति और फसल क्षति की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा – “अन्नदाताओं की खुशहाली और उनकी मुस्कान ही हमारी ताकत है। जो होना था, हो चुका, लेकिन किसानों को बेसहारा नहीं रहने देंगे। हर किसान को उसकी क्षति का मुआवजा मिलेगा।”

किसानों की सीधी भागीदारी

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवपुरी, दमोह, अशोकनगर, धार, छतरपुर और रायसेन जिलों के किसानों से बातचीत की। इनमें शिवपुरी के राघवेन्द्र और जगत पाल, दमोह के सरदार सिंह और संग्राम सिंह, अशोकनगर के प्रदीप सिंह रघुवंशी और कल्याण सिंह, धार के ओमप्रकाश और जगदीश, छतरपुर के रमेश और प्रकाश तथा रायसेन के  अरविंद और अमर सिंह शामिल थे। किसानों ने त्वरित राहत राशि उपलब्ध कराने पर सरकार का आभार जताया।

मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

समत्व भवन में हुए इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर सचिव आलोक सिंह, राजस्व आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। दमोह जिले से पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

पहले भी दिया जा चुका है मुआवजा

यह पहली बार नहीं है जब प्रभावित परिवारों को सहायता मिली हो। इससे पहले अगस्त 2025 में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 24,884 प्रभावित परिवारों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि वितरित की थी।

वर्षा और आपदा की स्थिति

राजस्व आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि इस मानसून सीजन में प्रदेश में 1031.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 25% अधिक है। सबसे ज्यादा बारिश गुना (1603 मिमी), श्योपुर (1418.6 मिमी), मंडला (1417.4 मिमी), रायसेन (1403.2 मिमी) और शिवपुरी (1354.1 मिमी) में हुई है। इस कारण कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

अब तक का राहत वितरण

वित्तीय वर्ष 2025–26 में प्रदेश सरकार अब तक प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों और परिवारों को विभिन्न मदों में कुल 188.52 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित कर चुकी है। राजस्व विभाग के अनुसार, बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को तत्काल आर्थिक सहायता देने के लिए विशेष प्रावधान राजस्व पुस्तक में किए गए हैं, ताकि वे अपनी आजीविका पुनः स्थापित कर सकें।

Leave a Reply