IPL 2025 में राजस्थान और मुंबई की टक्कर आज जयपुर में: राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो का मुकाबला, मुंबई की नजरें टॉप पर!

You are currently viewing IPL 2025 में राजस्थान और मुंबई की टक्कर आज जयपुर में: राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो का मुकाबला, मुंबई की नजरें टॉप पर!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 18वें सीजन का आज का मुकाबला रोमांच, दबाव और इतिहास से भरा हुआ है, जहां राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। यह बहुप्रतीक्षित भिड़ंत जयपुर के प्रतिष्ठित सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगी। राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मुकाबला सिर्फ दो अंक हासिल करने की लड़ाई नहीं है, बल्कि प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने का अंतिम मौका भी है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर काबिज होने की पूरी तैयारी में है।

इस हाई वोल्टेज मैच को और भी दिलचस्प बनाता है जयपुर में मुंबई इंडियंस का कमजोर ट्रैक रिकॉर्ड। साल 2012 के बाद से मुंबई ने इस मैदान पर राजस्थान को एक भी बार नहीं हराया है। यहां तक कि जयपुर में खेले गए पिछले 9 मैचों में से 7 में राजस्थान विजयी रही है। यानी सांख्यिकी भी इस बार होम टीम के पक्ष में है, लेकिन IPL का इतिहास गवाह है कि आंकड़े और अनुमान मैच के दिन पलट सकते हैं।

बता दें, राजस्थान रॉयल्स इस समय पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है। टीम ने अब तक 7 में से केवल 3 मुकाबले जीते हैं और उसके 6 अंक हैं। अगर राजस्थान आज हारती है, तो वह चेन्नई सुपर किंग्स के बाद प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। वहीं, मुंबई इंडियंस के लिए आज का मुकाबला प्लेऑफ में मजबूत स्थिति बनाने का मौका है। टीम ने 10 में से 6 मैच जीतकर 12 अंक जुटाए हैं और वह फिलहाल टेबल में दूसरे स्थान पर है। जीत मिलने पर मुंबई सीधे टॉप पर पहुंच सकती है।

हालाँकि इस मैच से पहले मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख गेंदबाज विग्नेश पुथुर चोट के चलते IPL 2025 से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में पंजाब के लेग स्पिनर रघु शर्मा को शामिल किया गया है। रघु ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन किया है और विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में 9 मैचों में 14 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। मुंबई को रघु से खास उम्मीदें होंगी, खासकर तब जब टीम के गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव रहेगा।

पिच रिपोर्ट की बात करें तो जयपुर की पिच बैटिंग फ्रैंडली मानी जा रही है। यहां इस सीजन अब तक 3 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें हर बार 170+ स्कोर बना है। दो बार चेज करने वाली टीमों को और एक बार पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली है। स्टेडियम में IPL का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर 217/6 है, जो 2023 में SRH ने राजस्थान के खिलाफ ही बनाया था। ऐसे में हाई स्कोरिंग मुकाबले की पूरी उम्मीद है।

वहीं, मौसम की बात करें तो जयपुर में गुरुवार को मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 27 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि हवा की रफ्तार करीब 13 किमी प्रति घंटा रहेगी। गर्मी खिलाड़ियों की फिटनेस और परफॉर्मेंस पर असर डाल सकती है, ऐसे में डगआउट में बर्फ की बाल्टी और ठंडा पानी अहम रोल निभाने वाले हैं।

Leave a Reply